जिला केसरी और जिला कुमार के मुकाबले 11 से
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
11 और 12 फरवरी को गांव फतेहगढ़ स्थित हनुमान व्यायामशाला में जिला स्तरीय अखाड़ा कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी जिसमें महिला एवं पुरुष पहलवान भाग लेंगे। ये जानकारी जिला खेल अधिकारी राजबीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि कुश्ती प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में 16 आयुवर्ग, 18 आयुवर्ग के अलावा वरिष्ठ आयुवर्ग के मुकाबले होंगे। पुरुषों के जिला कुमार दंगल में 62 से 74 किलोग्राम वजन व जिला केसरी दंगल में 74 किलोग्राम वजन से ऊपर के पहलवान भाग ले सकेंगे।
महिला वर्ग में 16 आयुवर्ग व 18 आयुवर्ग के अलावा वरिष्ठ आयुवर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। इनमें विभिन्न भार वर्ग में मुकाबले होंगे। महिला वर्ग में जिला कुमार दंगल में 55 से 62 किलोग्राम वजन और जिला केसरी दंगल में 62 से 76 किलोग्राम वजन से ऊपर के पहलवान भाग ले सकेंगें। पहलवानों को वजन के समय आयु प्रमाण-पत्र साथ लाना होगा।