शहर में बंद होंगे सभी शराब ठेके, नगर परिषद ने प्रस्ताव किया पारित
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी ददरी।
नगर परिषद हाउस की बैठक में मंगलवार को वार्ड पार्षदों ने बड़ा कदम उठाते हुए शहर को शराब ठेका मुक्त बनाने का प्रस्ताव पास कर दिया। इसके अलावा शहर में अपराधों की रोकथाम के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी पार्षदों ने मुहर लगा दी है। इसके तहत शहर में अलग-अलग स्थानों पर करीब 50 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा शहर के दो मुख्य चौक पर बड़े द्वार का भी निर्माण कराया जाएगा। वहीं, रोज गार्डन के साथ-साथ वार्ड चार में डेवलप होने वाले पार्क में भी नगर परिषद ओपन जिम व ट्रेनर की व्यवस्था करेगी। बैठक के दौरान कई माह से अटके पड़े इमारतों के नक्शे भी पास किए गए।
मंगलवार को चेयरमैन संजय छपारिया की अध्यक्षता में परिषद हाउस की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक सुबह 11 बजे शुरू हुई जोकि करीब दो बजे तक चली। करीब तीन घंटे की बैठक में शहर के विकास व सौंदर्यीकरण से संबंधित 50 प्रस्ताव रखे गए। इस दौरान सभी प्रस्तावों को पारित कर दिया गया। इनमें आठ प्रस्ताव मुख्यत: रखे गए। नप सूत्रों की माने तो विकास कार्यों पर करीब दस करोड़ रुपये खर्च होने हैं। मीडिया से मुखातिब होते हुए चेयरमैन संजय छपारिया ने बताया कि सभी पार्षदों के मंथन के बाद दादरी शहर को शराब ठेका मुक्त बनाने का प्रस्ताव बैठक में पारित किया है। इस प्रस्ताव की कॉपी जल्द ही सरकार को भी भेज दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकार से जल्द से जल्द इस संबंध में संबंधित विभाग को आदेश देने की मांग भी की जाएगी। वार्ड 14 की पार्षद ऊषा मेहरा ने दशनामी अखाड़ा के जीर्णोद्घार व हीरा चौक क्षेत्र में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने की मांग की।
---
बंद कमरे में बैठक, वाइस चेयरमैन ने बनाई दूरी
नगर परिषद की पिछली बैठक में हुए हंगामे के बाद मंगलवार को नगर परिषद की बैठक बंद कमरे में रखी गई। इस दौरान मीडिया कर्मियों को बैठक कक्ष से दूर रखा गया। बैठक से वाइस चेयरमैन दीपक श्योराण ने दूरी बनाए रखी। करीब तीन घंटे पार्षदों ने बंद कमरे में मंथन किया और शहरी विकास संबंधित फैसले लिए। नप सूत्रों की माने तो बैठक कक्ष में अधिकारियों व पार्षदों में थोड़ी गहमागहमी भी हुई। वहीं, कुछ पार्षदों की भी आपसी खींचातानी व गुटबाजी भी उभर कर सामने आई। हालांकि अन्य पार्षदों ने हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को इस बार नियंत्रण में रखा। गौरतलब है कि करीब चार माह पहले आयोजित परिषद हाउस की बैठक में जोरदार हंगामा हुआ था। एक पार्षद ने तो आवेश में आकर मेज पर रखी प्लेटें व नप का रिकॉर्ड रजिस्टर उठाकर पटक डाला था। इस कदम की ज्यादातर पार्षदों ने आलोचना की थी और मौके पर पुलिस को भी बुलाया गया था। इस संबंध में पार्षदों द्वारा लिखित में शिकायत भी दी गई थी। ऐसे में मंगलवार को आयोजित हुई बैठक भी हंगामेदार होने के कयास लगाए जा रहे थे।
---
नगर परिषद के ये प्रस्ताव रहे मुख्य
दमकल विभाग का बनेगा नया कार्यालय
बैठक में दमकल विभाग का कार्यालय बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद शहर की जरूरतों को देखते हुए दमकल विभाग का नया कार्यालय स्थापित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। चेयरमैन ने बताया कि पुरानी मार्केटिंग बोर्ड की जमीन पर दमकल विभाग का कार्यालय बनवाया जाएगा और जल्द से जल्द इसकी कवायद शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी पार्षदों के सहमति जताने के बाद ही इस संबंध में प्रस्ताव पास किया गया है।
---
बाबा स्वामी दयाल धाम व पंचनंद चौक पर बनेंगे बड़े द्वार
बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर भी पार्षदों ने विचार-विमर्श किया। इस दौरान बाबा स्वामी दयाल धाम व पंचनंद चौक के समीप एक-एक बड़ा द्वार बनाने का प्रस्ताव भी पास किया गया। इसके अलावा सुभाषचंद्र बोस जयंती पर नगर परिषद ने तिकोना पार्क का नाम बदलकर सुभाषचंद्र चौक करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। चेयरमैन संजय छपारिया ने बताया कि इस संबंध में प्रस्ताव पास हो चुका है। उन्होंने बताय कि यह फैसला सभी पार्षदों ने मिल-बैठकर लिया है।
---
10 करोड़ के विकास कार्यों पर लगी मुहर, 63 नक्शे भी पास
नप सूत्रों ने बताया कि बैठक में जो प्रस्ताव पास किए गए हैं उन पर करीब दस करोड़ की लागत संभावित है। चेयरमैन ने बताया कि विकास के सभी कार्यों पर जल्द कागजी कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए इस्टीमेट तैयार कर प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजे जाएंगे और इसके तुरंत बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर विकास कार्य शुरू करवा जाएंगे। बैठक के दौरान करीब 63 इमारतों के नक्शे भी पास किए गए।
---
हर वार्ड में एक व शहर में लगेंगे 50 सीसीटीवी कैमरे
पत्रकार वार्ता के दौरान वरिष्ठ पार्षद रविंद्र गुप्ता व चेयरमैन संजय छपारिया ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से पूरे शहर को सीसीटीवी कैमरों से युक्त किया जाएगा। इसके लिए शहर के हर एक वार्ड में एक कैमरा लगाया जाएगा। इसके अलावा शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर कैमरे लगाए जाएंगे। चेयरमैन ने बताया कि वार्ड में पार्षदों द्वारा चयनित जगहों पर ही कैमरा लगाया जाएगा।
---
शहर को दूसरी ओपन जिम मिलने पर भी लगी मुहर
गौरतलब है कि नगर परिषद ने रोज गार्डन में ओपन जिम सुविधा शुरू करने के लिए टेंडर लगा रखे हैं। मंगलवार को आयोजित बैठक में यहां ट्रेनर रखने पर भी पार्षदों ने सहमति जता दी। चेयरमैन ने बताया कि इसके अलावा वार्ड चार में डेवलप होने वाले पार्क में भी ओपन जिम व ट्रेनर की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। इस संबंध में सभी पार्षदों ने प्रस्ताव पास कर दिया है।
---
प्रचार-प्रसार सामग्री चिपकाने वालों पर होगी एफआईआर
पार्षद कुलदीप गांधी ने नियमों को ताक पर रखकर संस्था या संगठन का प्रचार-प्रसार करने वालों पर कार्रवाई करने का सुझाव दिया। इसे सभी ने सर्वसम्मति से पास कर दिया। चेयरमैन ने इस आशय की जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति प्रचार-प्रसार सामग्री चस्पा करने वालों के खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इससे शहर का सौंदर्य प्रभावित होता है। जल्द ही शहर का सर्वे करवाकर बिना अनुमति प्रचार-प्रसार सामग्री चस्पा करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।