अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
छोटूराम धर्मशाला में भारतीय किसान यूनियन के द्वारा बैठक का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सरदार गुरानाम सिंह के द्वारा की गई। बैठक में गुरनाम सिंह ने कहा कि स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करवाने के लिए अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करने वाली भाजपा सरकार के मंत्री अब उस रिपोर्ट को भूल गई हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों ने सत्ता पाने भर के लिए इस रिपोर्ट का सहारा लिया था। अब किसानों की जेब पर डाका डालने वाली योजनाएं सरकार के द्वारा तैयार की जा रही हैं। किसानों को उनकी लागत का मूल्य सरकार के द्वारा नहीं दिया जा रहा। सरकार भूल गई है कि वो किसान की कर्जमाफी का भी वायदा करके आए थे लेकिन अब उन्हें यह भी याद नहीं कि कर्ज तले दबा किसान आत्महत्याएं कर रहा है।
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट को लागू करवाने के लिए 23 फरवरी को दिल्ली का रास्ता रोको अभियान चलाया जाएगा। जिसको सफल बनाने के लिए झज्जर जिले की कार्यकारिणी की बैठक 23 जनवरी को बुलाई गई है। बैठक में आगामी रूपरेखा बनाई जाएगी। बैठक में सुलोचना रानी, जगबीर राठी, रणबीर नौगांवा, जगदीश गुलिया, राज सिंह, राज लाडपुर, हवा सिंह दलाल आदि शामिल रहे।