अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
दिल्ली में चल ही प्रो कुश्ती लीग की ग्रीको रोमन स्पर्धा में बहादुरगढ़ का मनीष कुंडू छाया हुआ है। हरियाणा हैमर्स की तरफ से खेलते हुए मनीष ने अभी तक अपने दोनों मुकाबले जीत लिए हैं। उसकी जीत पर कुश्ती प्रेमी बेहद खुश हैं। मंगलवार में अखाड़े में पहुंचने पर कोच एवं साथी खिलाड़ियों ने मनीष का अभिनंदन किया।
दिल्ली के सिरी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में इन दिनों प्रो कुश्ती लीग का तीसरा एडिशन चल रहा है। वैसे तो यह लीग फ्री स्टाइल कुश्ती की है। मगर फ्री स्टाइल के साथ-साथ पीडब्ल्यूएल मैनेजमेंट कुश्ती की दूसरी शैली ग्रीको रोमन को भी आजमा रहा है। रोजाना लीग शुरू होने से पहले ग्रीको रोमन के दो मैच कराए जाते हैं। लीग की इस ग्रीको रोमन स्पर्धा में बहादुरगढ़ स्थित शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह अखाड़े का पहलवान मनीष कुमार जबरदस्त प्रदर्शन कर रहा है। हरियाणा हैमर्स की तरफ से खेलते हुए मनीष ने 60 किलोग्राम भारवर्ग में अभी तक के अपने दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की है। गत 10 जनवरी को पहले मैच में मनीष ने वीर मराठा की ओर से खेल रहे यूक्रेन के पहलवान को 8-0 से हराया तो 12 जनवरी को हुए दूसरे मैच में दिल्ली सुल्तान के पहलवान को हराया। मनीष की जीत पर उसके साथी व बहादुरगढ़ के कुश्ती प्रेमी बेहद खुश हैं। मंगलवार सुबह मनीष शहीद होशियार सिंह अखाड़े में पहुंचा तो कोच सोल्हा, कोच मनोज, कृष्ण पहलवान, प्रदीप, गौरव, सतपाल मलिक आदि ने उसका अभिनंदन किया।
12 वर्ष की आयु में शुरू की थी कुश्ती
20 वर्षीय मनीष पहलवान ने महज 12 वर्ष की आयु में कुश्ती शुरू की और अब विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहा है। पिछले चार साल में विदेशों में सात पदक जीत चुका है। मनीष सीनियर नेशनल में पांच गोल्ड, जूनियर एशिया में सिल्वर व ब्रांज मेडल जीत चुका है। अभी हाल ही में दिसंबर में साउथ अफ्रीका में हुई कामनवेल्थ कुश्ती में स्वर्ण पदक जीता था। कोच सोल्हा ने बताया कि मनीष का अगला मैच मंगलवार की रात को हो सकता है। उन्हें पूरा यकीन है कि वह यह मैच भी हरियाणा के लिए जीतेगा।