आपदा प्रबंधन के लिए जल्द गठित होगा कार्यदल
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
कम संसाधन होने के बावजूद दादरी में आपदा प्रबंधन के लिए जल्दी ही जिला स्तरीय कार्यदल का गठन कर दिया जाएगा। राजस्व विभाग के वित्तायुक्त एवं प्रधान सचिव केशनी आनंद अरोड़ा के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग में डीसी विजय कुमार सिदप्पा ने कहा कि चरखी दादरी प्रदेश का नया जिला है। यहां धीरे-धीरे विभागीय कार्यालयों की स्थापना की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग, नगराधीश मनीष फौगाट और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग में राजस्व विभाग की प्रधान सचिव ने कहा कि जिला स्तर से लेकर खंड स्तर तक अधिकारियों और कर्मचारियों के आपदा प्रबंधन का कार्यदल गठित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के लिए हर विभाग को अपनी जिम्मेदारी का ज्ञान होना जरूरी है।
टास्क फोर्स में इन विभागों के कर्मी होंगे शामिल
जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में बनाई जाने वाली टास्क फोर्स में पुलिस, होमगार्ड, जनस्वास्थ्य, स्वास्थ्य, सूचना एवं जनसंपर्क, लोक निर्माण, नगर परिषद, राजस्व, कृषि, सिंचाई विभाग सहित सभी विभागों के अधिकारी शामिल होने चाहिए। इन अधिकारियों को यह ज्ञात होना आवश्यक है कि भूकंप, बाढ़, अकाल या अन्य कोई प्राकृतिक आपदा अथवा मानव जनित विपदा आती है तो उनके विभाग की अमुक तैयारी होनी चाहिए।
बैठक में ये रहे मौजूद
इसमें आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. अभय श्रीवास्तव ने कहा कि जिला स्तर पर उपलब्ध सरकारी वाहन, भवन, स्टाफ, सामाजिक संस्थाएं, एंबुलेंस, चिकित्सक आदि संसाधनों की सूची तैयार होनी चाहिए। पूर्व की घटनाओं से सबक लेकर हमें आपदा प्रबंधन अधिनियम की पालना करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि 20-21 दिसंबर को जिला स्तर पर राहत कार्यों की एक मॉक ड्रिल करवाई जाएगी। इसमें सभी अधिकारी भाग लेंगे। इस मौके पर जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी धर्मबीर यादव, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी के कार्यकारी अभियंता जितेंद्र हुड्डा, डॉ. अनीता गुलिया, डॉ. कृष्ण कुमार मौजूद रहे।