दो बाइकों की टक्कर में सब इंस्पेक्टर सहित तीन की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
बेरी।
गांव एममी माजरा के पास शुक्रवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक दिल्ली पुलिस का सब-इंस्पेक्टर भी शामिल है। वह ड्यूूटी से छुट्टी के बाद बाइक पर सवार होकर झज्जर से होते हुए अपने गांव जहाजगढ़ माजरा लौट रहा था। दो मृतकों की देर शाम तक पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस इनकी शिनाख्त करने के प्रयास में जुटी हुई है।
बेरी के गांव माजरा निवासी खजान सिंह पुत्र ताराचंद दिल्ली पुलिस में बतौर सब-इंस्पेक्टर कार्यरत था। दीपावली पर्व पर ड्यूटी करने के बाद वह अपनी बाइक पर सवार होकर दिल्ली से अपने गांव के लिए चला था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जब खजान सिंह अपने गांव के नजदीक पहुंचा तो सामने से अचानक तेज गति से एक बाइक आ गई। उस पर दो लोग सवार थे। बाइक की गति इतनी तेज थी कि इससे पहले कि खजान सिंह कुछ समझ पाता सामने वाली बाइक की उसकी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक एक-दूसरे में घुस गई, जिसे काफी मशक्कत के बाद निकाला जा सका। हादसे में दोनों ही बाइकों पर सवार तीन लोगों ने गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना स्थल से गुजर रहे राहगीरों ने इस हादसे की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीन के शवों को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के सामान्य अस्पताल भिजवाया। बाद में मृतक खजान सिंह के परिजन भी हादसे की सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे और खजान सिंह के शव की पहचान की। बेरी थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि गांव एमपी माजरा के पास दो बाइकों की टक्कर होने से मारे गए माजरा निवासी खजान सिंह की पहचान हो गई है। वह दिल्ली पुलिस में सब-इंस्पेक्टर थे। बाकी दोनोें लोगों की शिनाख्त नहीं हो पाई। तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के सामान्य अस्पताल में भिजवा दिए गए हैं। शनिवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस दोनों शवों की शिनाख्त के लिए प्रयास कर रही है।