कीटनाशक दवा के प्रभाव से किसान की फसल नष्ट
अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा
किसान की 10 एकड़ कपास और दो एकड़ में ग्वार की खड़ी फसल दवा के स्प्रे से नष्ट हो गई। अखिल भारतीय किसान सभा ने प्रशासन से किसान को खराब हुई फसल का मुआवजा दिलवाने की मांग की है।
बाढड़ा के किसान सुखबीर सिंह ने बताया कि उसने 10 एकड़ में कपास व दो एकड़ में ग्वार की फसल बिजाई कर रखी है। फसल में उसने कीटनाशक दवा का छिड़काव किया था। इससे कुछ दिन बाद ही फसल दवा के प्रतिकूल प्रभाव से नष्ट हो गई। उसने बीज भंडार से यह दवा खरीदी थी। किसान ने प्रशासन से फसल में हुए नुकसान की कृषि विभाग के अधिकारियों से जांच करवाने और खराब फसल का मुआवजा दिलवाने की मांग की है। वहीं इसे लेकर अखिल भारतीय किसान सभा ने पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई जिसमें फसल नष्ट होने पर रोष जताया गया। सभा की अध्यक्षता सभा के हलका अध्यक्ष रघुवीर सिंह ने की। सभा में रामपाल धारणी व मास्टर रघबीर सिंह, नसीब, अमर सिंह, ब्रहमपाल, कुरड़ाराम नंबरदार, सतप्रकाश, महीपाल, ओमप्रकाश, दानीराम, रणधीर, रायसिंह, पृथ्वी सिंह सुमेर सिंह आदि उपस्थित थे। ये किसान नेता कृषि विभाग के अधिकारियों से भी मिले।