अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने सोमवार को बहादुरगढ़ में अपना कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने पुलिस कर्मचारियों आपराधिक वारदातों की रोकथाम के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह का अपराध सहन नहीं होगा। अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
हरियाणा सरकार द्वारा विगत दिनों प्रदेश में किए गए पुलिस विभाग के अधिकारियों के तबादले के आदेशों के तहत सिरसा में बतौर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त हिमांशु गर्ग का तबादला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बहादुरगढ़ के तौर पर किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग भारतीय पुलिस सेवा के 2013 बैच के अधिकारी हैं। रोहतक तथा सिरसा जिला में बतौर एडिशनल एसपी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के साथ-साथ संगीन किस्म के अनेक अज्ञात अनसुलझे मामले सुलझाए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गर्ग ने कहा कि महिला विरुद्ध अपराधों सहित आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के साथ-साथ किसी भी तरह के अपराध के दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। तमाम आपराधिक मामले शीघ्र से शीघ्र सुलझाए जाएंगे।
कई हैं चुनौतियां
बहादुरगढ़ इलाके में कुछ समय से आपराधिक वारदात लगातार बढ़ रही हैं। बीते तीन महीने में तीन दर्जन से अधिक लूटपाट की वारदात हुई हैं। एटीएम उखाड़ने, एटीएम बदलकर रुपये निकालने और वाहन चोरी की वारदात भी बढ़ी हैं। इन तीन महीनों में लगभग दर्जनभर बार गोलियां चलने की वारदात हुई हैं, जिनमें बामनौली के पूर्व सरपंच समेत कई लोगों की मौत हो चुकी हैं। ऐसे में बढ़ते अपराधों को रोकना नए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के लिए चुनौती रहेगी। उधर, एएसपी हिमांशु गर्ग ने कहा कि अपराधों पर अंकुश लगाना ही उनकी पहली प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने में आमजन भी पुलिस का सहयोग करें।