छपार पॉलीटेक्निक में दाखिले शुरू, 180 सीटों पर 15 अगस्त तक करें आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
एक साल से भी कम समय से अस्तित्व में आए जिले में अब सिविल, इलेक्ट्रिकल और मेकेनिकल इंजीनियर बनने के इच्छुक युवाओं को दूसरे जिलों की राह नहीं ताकनी पड़ेगी। क्योंकि जिले के पहले गवर्नमेंट पॉलीटेक्निक कॉलेेज छपार में इस सत्र से तीन स्ट्रीम में तीन वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। लंबे समय के इंतजार के बाद इस सत्र से दाखिला प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। छपार में नवनिर्मित राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में कुल 180 सीटों पर दाखिले होंगे। संस्थान के प्राचार्य वीरेंद्र सांगवान ने बताया कि इसी सत्र में तीन वर्षीय डिप्लोमा के लिए 180 सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। दाखिले के लिए आवदेन करने की अंतिम तिथि 15 अगस्त है।
प्रत्येक संकाय में 60-60 सीट
संस्थान में विद्यार्थियों को सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल सहित मेकेनिकल इंजीनियरिंग के तीनों संकायों के लिए प्रत्येक डिप्लोमा कोर्सेज में 60-60 सीटें हैं। दाखिला लेने के लिए कोई भी विद्यार्थी कार्य दिवस के दौरान सुबह नौ से पांच बजे तक कार्यालय में उपस्थित होकर दाखिला फार्म भरकर जमा करवा सकता है। दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को मैट्रिक प्रमाण पत्र, दो नवीनतम फोटो, चरित्र प्रमाण पत्र एवं जाति प्रमाण पत्र की सत्यापित कापियां साथ लानी होगी। लड़कियों की कोई भी ट्यूशन फीस नहीं ली जाएगी। इसके अलावा विभाग के आदेशानुसार अनुसूचित जाति, जनजाति के स्टूडेंट्स को कोर्सेज के दौरान स्कालरशिप की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली अन्य सभी सुविधाओं को भी उपलब्ध करवाया जाएगा।
इस सत्र से तीन वर्षीय डिप्लोमा के लिए 180 सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। दाखिला के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 अगस्त है। कोई भी विद्यार्थी संस्थान के 9896783822 नंबर पर संपर्क कर और अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सिविल, इलेक्ट्रिकल और मेकेनिकल इंजीनियरिंग के तीन वर्षीय डिप्लोमा कोर्सेज में प्रत्येक में 60-60 सीटें हैं। -वीरेंद्र सांगवान, प्राचार्य, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, छपार