9.52 लाख से होगा क्रांतिकारी चौक का सौंदर्यीकरण
अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा।
कस्बे के क्रांतिकारी चौक का 9.52 लाख रुपये से सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है। भिवानी-महेन्द्रगढ़ लोकसभा सांसद धर्मबीर सिंह ने ग्राम पंचायत बाढड़ा के ग्रामीणों व कस्बावासियों की मांग पर क्रांतिकारी चौक के सौंदर्यीकरण करवाने की घोषणा की थी। उन्होंने इस कार्य की जिम्मेवारी ग्राम पंचायत बाढड़ा को सौंपी थी। ग्राम पंचायत ने विभिन्न विभागों की अनुमति के बाद क्रांतिकारी चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य विभाग की प्रांकलन रिपोर्ट के अनुसार शुरू करवा दिया। इसके तहत क्रांतिकारी चौक पर लगी महाशय मनसाराम व राजा महताब सिंह स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर छत्र की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा क्रांतिकारी चौक को विशेष कारीगरों द्वारा कलाकृतियों के माध्यम से सजाया जा रहा है। चौक पर स्टील की रेलिंग के अलावा फव्वारा सिस्टम व लाइटें भी लगाई जा रही है।
ग्राम पंचायत बाढड़ा के सरपंच राकेश श्योराण ने कहा कि क्रांतिकारी चौक के सौंदर्यीकरण पर 9.52 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। मरम्मत का ये कार्य अगले एक माह में पूरा हो जाऐगा।