झज्जर। मेगा निरीक्षण के तहत बुधवार को शिक्षा विभाग के अधिकारी स्कूलों में नजर आए। जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, उप जिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित बीआरसी, एबीआरसी व शिक्षकों की टीम ने मेगा मॉनिटरिंग का जिम्मा संभाला। वीरवार को बहादुरगढ़ ब्लाक के सरकारी स्कूलों का निरीक्षण होगा।
बुधवार को सुबह स्कूल शुरू होने से पहले ही टीमें स्कूल पहुंच गई थी और प्रार्थना सभा से लेकर छुट्टी तक अधिकारी स्कूल में पहुंचे। स्कूलों में पहुंचकर संबंधित अधिकारियों ने व्हाट्सअप ग्रुप पर अपनी स्कूल व विद्यार्थियों के साथ सेल्फी अपलोड की। इसके बाद स्कूल का निरीक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ।
अधिकारियों ने सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर उनके अधिगम स्तर का अवलोकन किया। इसके अलावा डिजिटल बोर्ड, लाइब्रेरी एवं लैब का निरीक्षण किया गया। डिजिटल बोर्ड, लाइब्रेरी एवं सभी प्रकार की लैब के उपयोग का अवलोकन करने के साथ-साथ संबधित दस्तावेज के आधार पर विद्यालय को रेटिंग दी गई।
प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च व वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों के लिए अलग-अलग गूगल फॉर्म अधिकारियों को दिए गए थे, जिनको अपडेट किया गया। निरीक्षण के बाद स्कूल प्राचार्य की उपस्थिति में स्टाफ के साथ बैठक की गई और संबंधित अधिकारियों ने अपनी राय स्टाफ को बताई। इसी प्रकार प्राथमिक स्कूल के सेंसस असेसमेंट परिणाम को देखा और अगले असेसमेंट के लिए सुधार रणनीति पर चर्चा की गई।
संबंधित अधिकारियों ने विजिटर रजिस्टर में फीडबैक भी दिया। इस दौरान मिड-डे-मिल की जांच भी की गई। स्कूलों में बैंचों की व्यवस्था, पढ़ाई का माहौल, खेल ग्राउंड की भी जानकारी ली गई। यह रिपोर्ट गूगल फार्म के जरिये उच्च अधिकारियों के साथ अधिकारी सांझा करेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी रतिंद्र सिंह ने कबलाना के सरकारी स्कूल का निरीक्षण किया। पूरा दिन स्कूल में रहकर व्यवस्थाओं काे देखा। इसी प्रकार जहाजगढ़ के सरकारी स्कूल में ढाकला के सरकारी स्कूल के प्राचार्य वेदप्रकाश ने निरीक्षण किया। कक्षाओं में जाकर बच्चों से प्रश्न पूछे और अन्य व्यवस्थाएं भी देखी।
किस अधिकारी ने कहां किया निरीक्षण
- जिला शिक्षा अधिकारी रतिंद्र सिंह ने राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल कबलाना
- डाइट प्रिंसिपल अनिल श्योराण ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दुजाना
- डिप्टी डीईओ अनिल शर्मा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुढ़ा व राजकीय प्राइमरी स्कूल गुढ़ा
- डिप्टी डीईओ देवेंद्र सिंह ने पीएम श्री राजकीय कन्या स्कूल झज्जर
- डिप्टी डीईओ रूपिंद्र नांदल ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तलाव
आज पूरा दिन दो ब्लाॅक में मेगा मॉनिटरिंग अधिकारियों ने की है। पूरा दिन स्कूल में रहकर व्यवस्थाओं को देखा। बोर्ड कक्षाओं के बच्चों से भी बातचीत की गई। वीरवार को बहादुरगढ़ ब्लाॅक का मेगा निरीक्षण किया जाएगा। जो स्कूल किन्हीं कारणों की वजह से रह जाएंगे, उनको सभी ब्लाॅक पूरा होने के बाद एक दिन में पूरा किया जाएगा।
- रतिंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी