झज्जर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त संजय जून ने कहा कि जिले में जिस भी मतदाता का जन्मदिन 12 मई को होगा उस मतदाता को भारत निर्वाचन आयोग के स्वीप कार्यक्रम के तहत 28 मई को जागरूक मतदाता की शपथ दिलाई जाएगी तथा कुछ मतदाताओं को मतदान के बाद निर्वाचन विभाग द्वारा मतदान केंद्र पर ही सरप्राइज दिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह बात बुधवार की शाम लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में अधिकारियों को संबोधित करते हुए कही। बैठक से पहले हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन ने चंडीगढ़ से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जिला में लोकसभा चुनाव को लेकर चल रही तैयारियों की समीक्षा की।
डीसी संजय जून ने बताया कि जिला में उन मतदाताओं की तुरंत पहचान की जाए जिनका जन्मदिन 12 मई को हो। मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए यह निर्वाचन आयोग की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके अतिरिक्त स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता के लिए आगामी पांच मई को सार्वजनिक स्थलों पर छबील लगाई जाएगी ताकि लोगों को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया जा सके। छबील के लिए निर्वाचन विभाग द्वारा विशेष संदेशयुक्त कप भी तैयार कराए गए है। उन्होंने बताया कि जिले में जिस भी मतदान केंद्र पर 20 या अधिक दिव्यांग मतदाता पंजीकृत हैं उस केंद्र पर 12 मई को होने वाले मतदान के दिन व्हील चेयर उपलब्ध रहेगी ताकि दिव्यांग मतदाता को मतदान के लिए सुविधा रहे।
दिव्यांग मतदाता को मिलेगी सुविधा
उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव में दिव्यांग मतदाताओं को लेकर निर्वाचन आयोग बेहद गंभीर है ऐसे में सभी मतदान केंद्रों पर पीने का पानी, शौचालय, रैंप आदि इंतजाम दुरुस्त होने चाहिए। उन्होंने वीडियो कांफ्रेंस के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी को झज्जर जिला में चल रही तैयारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झज्जर जिला में पोलिंग स्टाफ व सेक्टर मजिस्ट्रेट व सुपरवाइजर आदि को सी-विजिल, ईवीएम-वीवीपैट आदि के बारे में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इस अवसर पर एडीसी सुशील सारवान, एसडीएम बेरी डॉ. राहुल नरवाल, एसडीएम बहादुरगढ़ तरूण पावरिया, एसडीएम झज्जर शिखा, सीटीएम अश्वनी कुमार, डीआईओ अमित बंसल, डीआईपीआरओ सतीश कुमार, तहसीलदार मुखत्यार सिंह, तहसीलदार बेरी सुदेश मेहरा, बीडीपीओ परमेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।