अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। रोहतक मंडल के आयुक्त पंकज यादव ने कहा कि आम चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन योजना (डिस्ट्रिक इलेक्शन प्लान) जल्द से जल्द तैयार किया जाए। साथ ही चुनाव से संबंधित सभी तैयारियों की नियमित रूप से समीक्षा की जाए। उन्होंने यह बात सोमवार को लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए कही। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त संजय जून तथा एसएसपी अशोक कुमार ने बैठक में पहुंचने पर मंडल आयुक्त का स्वागत किया। पंकज यादव ने कहा कि पुलिस विभाग के अधिकारी लोकसभा चुनाव के लिए जिला में बनाए गए मतदान केंद्रों का नियमित रूप से दौरा करें तथा मतदान केंद्र पर दी जाने वाली सुविधाओं की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने चुनाव के दौरान लाइसेंसी हथियार जमा करने, सुरक्षा संबंधी मांग, संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा संबंधी तैयारियों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर आश्वासित न्यूनतम सुविधाओं (एएमएफ) के लिए इस बार निर्वाचन विभाग की ओर से एक ऑब्जर्वर की नियुक्ति भी जाएगी। मंडल आयुक्त ने कहा कि स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
नियमावली के अनुसार होंगे सभी कार्य
लोकसभा के लिए 12 मई को होने वाले मतदान के लिए निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर और निर्वाचन आयोग द्वारा तय की नियमावली के अनुसार करने होंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त संजय जून ने मण्डल आयुक्त को झज्जर जिला में की गए कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में कानून-व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता के क्रियान्वयन, चुनाव आयोग के जारी दिशा निर्देशों की अनुपालना सहित अन्य विषयों की समीक्षा की। इस अवसर पर सीटीएम अश्वनी कुमार, जिला राजस्व अधिकारी मनबीर सांगवान, जेल अधीक्षक दयानंद मंदोला, जिला न्यायवादी सीमा हुड्डा, तहसीलदार मुख्त्यार सिंह, उप तहसीलदार (निर्वाचन) राम कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।