बहादुरगढ़। जिले में लगातार बढ़ रहा क्राइम बेहद चिंताजनक है। आरोपियों को पकड़ने के लिए जिले की पुलिस लगातार प्रयासरत है। आईजी संदीप खिरवार ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एसपी पंकज नैन को जी जान से जुट जाने के लिए कहा है। आईजी खिरवार सोमवार को बहादुरगढ़ के एचएसआईआईडीसी सेक्टर-17 में स्थित आसौदा थाने का उद्घाटन करने पहुंचे थे।
आईजी संदीप खिरवार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पिछले कई दिनों से झज्जर जिले में अपराध लगातार बढ़ रहा है। कहीं लूट की घटनाएं हो रही हैं तो कहीं गोलीकांड हो रहे हैं। यह पुलिस के लिए चैलेंज है और पुलिस इसे बखूबी स्वीकारती है। उनका कहना है कि बदमाश पुलिस के निशाने पर हैं और किसी भी तरह का क्राइम करने वालों को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बदमाशों को पकड़ने के लिए आईजी ने जिले के एसपी पंकज नैन को कहा कि वे बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए जी जान से जुट जाएं। उन्हें सलाखों के पीछे भेजें ताकि क्षेत्र में बढ़ती वारदातें कम हों और लोग शांति से जीवन व्यतीत कर सकेें।
उन्होंने कहा कि पुलिस महकमे में कर्मचारियों की काफी कमी है फिर भी पुलिस अपनी तरफ से किसी तरह की कोई कमी नहीं छोड़ रही है। जनता को भी इसमें पुलिस की मदद करनी चाहिए। यदि कहीं कोई अपराध छिपा है या उन्हें कहीं नजर आता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस दें। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं में लिप्त दोषियों को पकड़ने व उनको सजा दिलाने के लिए स्थानीय पुलिस द्वारा गहनता से कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही हाल ही में हुई लूटपाट व छीना झपटी की घटनाओं के दोषियों को पकड़ लिया जाएगा ताकि पीड़ितों को न्याय दिलाने के साथ-साथ आमजन को भी सुरक्षा का अहसास दिलाया जा सके। इस मौके पर एसपी पंकज नैन भी मौजूद रहे।