चरखी दादरी। लघु सचिवाल के सभागार में वीरवार को डिजिटल हरियाणा विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसमें डिजिटल हरियाणा चंडीगढ़ से उत्कृष्ट कुमार जिला के अधिकारियों और कर्मचारियों को अंत्योदय सरल व हरपथ की बारीकियां समझाएंगे। कार्यशाला के आयोजन के बारे में जानकारी देकर नगराधीश एवं सरल प्रोजेक्ट के नोडल अधिकारी मनीष कुमार फौगाट ने बताया कि चरखी दादरी जिला में सरल केंद्र और सरल पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाएं नागरिकों को उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि इन सेवाओं के और बेहतर क्रियान्वयन के लिए सरकार के निर्देशों पर सभी जिलों में कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में दादरी में वीरवार 20 सितंबर को लघु सचिवालय के सभागार में कार्यशाला आयोजित की जानी है, जिसमें जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में अंत्योदय सरल और हरपथ पर काम करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे जिला ओर अधिक बेहतर ढंग से सेवाएं देने में सफल होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा शुरू किए अंत्योदय सरल पोर्टल पर अपने घर से ही विभिन्न विभागों की लगभग 300 सेवाओं का लाभ उठाया जा सकता है।