अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
झज्जर मुख्यालय के उप पुलिस अधीक्षक हंसराज ने रविवार को थाना सदर बहादुरगढ़ के प्रांगण में बैठक कर इलाके के सरपंचों, पंचों और अन्य ग्रामीणों से बैठक कर गांव में शांति व्यवस्था और भाईचारा बनाए रखने में सहयोग मांगा। उन्होंने यह भी कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश सहन नहीं की जाएगी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
डीएसपी हंसराज ने ग्रामीणों की पुलिस संबंधी समस्याओं का एक-एक कर जायजा लिया और स्थानीय स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर ही सदर थाना थाना प्रभारी को उचित दिशा निर्देश दिए। बैठक में डीएसपी हंसराज के साथ थाना प्रभारी जसबीर सिंह, थाना से संबद्ध सभी चौकियों के प्रभारियों व अनुसंधान अधिकारियों सहित काफी संख्या में सरपंचों, पंचों, चौकीदारों व अन्य मौजिज व्यक्तियों ने भाग लिया।
बैठक में डीएसपी हंसराज ने ग्रामीणों से महिला विरुद्ध अपराधों की रोकथाम और महिला सशक्तिकरण के लिए स्थानीय पुलिस को सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वाले, आमजन को उकसाने भड़काने व शांति भंग करने वाले असामाजिक शरारती एवं स्वार्थी तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि स्थानीय पुलिस उनसे लगातार संपर्क बनाए रखेगी।