अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
समाजसेवी बुल्लड़ पहलवान ने शहर के लोगों से अन्ना हजारे की ओर से 23 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में शुरू होने वाले आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। दिल्ली के रामलीला मैदान में अन्ना हजारे के साथ आंदोलन की तैयारियों का जायजा लेने के बाद बुल्लड़ पहलवान ने बताया कि अन्ना हजारे भ्रष्टाचार के खात्मे को लेकर फिर से मैदान में आ रहे हैं। 23 मार्च से दिल्ली के रामलीला मैदान में उनकी ओर से लोकपाल कानून पास कराने और चुनाव प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन शुरू किया जाएगा। आंदोलन में किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। सरकार से किसानों के हित में योजनाएं बनाने की मांग की जाएगी ताकि देश का कोई भी किसान भूखा न रहे और उसे कर्ज की वजह से आत्महत्या न करनी पड़े। उन्होंने हलके के लोगों से आह्वान किया है वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में दिल्ली के रामलीला मैदान में पहुंचकर अन्ना हजारे का साथ दें। ताकि देश से भ्रष्टाचार खत्म करने का एक बदलाव शुरू हो सके।