अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
जिलाधीश एवं उपायुक्त सोनल गोयल और प्रवर पुलिस अधीक्षक बी सतीश बालन ने शनिवार को लघु सचिवालय स्थित संवाद भवन में रविवार 26 नवंबर को जींद और रोहतक जिले के गांव जसिया में आयोजित होने वाली रैलियों के मद्देनजर जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त सुशील सारवान, एसडीएम बेरी संजय राय, एसडीएम बहादुरगढ़ जगनिवास, एसडीएम बादली त्रिलोक चंद, एसडीएम झज्जर रोहित यादव, सीटीएम अश्विनी कुमार, डीएसपी अजमेर सिंह, डीएसपी हंसराज, डीएसपी भगतराम तथा डीएसपी जितेंद्र सिंह सहित कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पुलिस प्रभारी भी उपस्थित रहे। जिलाधीश सोनल गोयल ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रणाली में सभी को शांतिपूर्वक अपनी बात कहने का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन किसी को भी कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं हैं। जिलाधीश ने जिलावासियों से सामाजिक सौहार्द और भाईचारा बरकरार रखने का आह्वान किया। वहीं जसिया व जींद रैली को लेकर शुक्रवार देर रात्रि को इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई थी। इससे शनिवार को लोगों काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
संवेदनशील स्थानों पर पुलिस प्रभारी रहेंगे तैनात
रैलियों को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से 27 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। रविवार को जिले में कानून व्यवस्था और सड़क मार्गों पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए नागरिक व पुलिस प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रंबध किए गए हैं। जिले के मुख्य मार्गों, चौराहों व संवेदनशील स्थानों की पहचान कर ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पुलिस प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। सभी इलाका मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र में रहेंगे और जरूरत पड़ने पर दूसरे क्षेत्रों में भी भेजे जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित एसडीएम अपने-अपने उपमंडल के ओवरऑल प्रभारी होंगे।
पेट्रोल पंप व रिफिल संचालकों को किया अलर्ट
जिलाधीश एवं उपायुक्त सोनल गोयल ने बैठक में बताया कि द कॉड ऑफ क्रिमिनल प्रोसिजर 1971 की धारा 144 के तहत प्रदत शक्तियों का उपयोग करते हुए पूरे झज्जर जिले की राजस्व सीमा में पेट्रोल व डीजल खुला बेचने पर पाबंदी लगा दी गई है। सभी पेट्रोल पंप संचालकों, रिफिल स्टेशनों या अन्य इसी तरह का कार्य करने वालों को पेट्रोल व डीजल कैन, जेरिकेन, बोतल या अन्य किसी बर्तन में या खुला न बेचने के आदेश जारी किए गए हैं। इसी तरह जिले में किसी तरह का हथियार जैसे लाठी, डंडा, फरसा, तलवार जेली आदि लेकर चलने पर पूर्ण रूप से पांबदी लगा दी गई है। उपरोक्त आदेशों की अवहेलना करने वालों पर आईपीसी की धारा 188 के तहत कानूनन कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
---------------------
समन्वय बनाकर रखेंगे ड्यूटी मजिस्ट्रेट
बैठक मे प्रवर पुलिस अधीक्षक बी सतीश बालन ने कहा कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस प्रभारी आपसी समन्वय बनाकर रखें और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए तत्पर कदम उठाएं। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को रोहतक की तरफ जाने व शाम को आने वाले सभी सड़क मार्गों पर यातायात सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रैली के वाहनों के लिए शहरी क्षेत्र में प्रवेश निषेध है। रैली के समापन पर भी सड़क मार्ग जाम न हो इसके लिए भी पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि आमजन किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
-----------------
चंडीगढ़ जाने वाली बसें सोनीपत से होकर जाएंगी
झज्जर के रोडवेज जीएम लेखराज ने बताया कि 26 नवंबर की जसिया रैली को देखते हुए चंडीगढ़ जाने वाली बसों का रूट डायवर्ट कर दिया गया है। अब रोहतक से होकर चंडीगढ़ जाने वाली बसें सोनीपत से होकर जाएंगी।
-----------------
आगजनी से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड विभाग भी अलर्ट
जिले के फायर ब्रिगेड अफसर बिजेंद्र डागर ने बताया कि जसिया रैली को देखते हुए जिले में किसी भी प्रकार की आगजनी की घटना से निपटने के लिए वे पूरी तरह से मुस्तैद हैं। 26 नवंबर की जाटों की जसिया रैली को देखते हुए कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। हमारे पास फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां हैं जो पूरी तरह से तैयार हैं।
-----------------
आपात स्थिति से निपटने को तैयार : सीएमओ
नागरिक अस्पताल झज्जर के सीएमओ डॉ. रमेश धनखड़ ने बताया कि जसिया रैली को ध्यान में रखते हुए डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। पूरा वार्ड आपात स्थिति से निटने के लिए तैयार है। इसको लेकर एंबुलेंस भी पूरी तरह से तैयार हैं।
जसिया रैली को लेकर अलर्ट, चंडीगढ़ जाने वाली बसों का रूट डायवर्ट
डीसी और एसपी ने जांची कानून व्यवस्था
27 ड्यूटी मजिस्ट्रेट रहेंगे तैनात, धारा 144 लागू
-इंटरनेट सेवाएं बंद, बोतल-कैन में नहीं बिकेगा पेट्रोल और डीजल
डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द
---------------
फोटो संख्या-7: उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते उपायुक्त सोनल गोयल साथ में प्रवर पुलिस अधीक्षक बी सतीश बालन । ---------------------------