जन समस्याओं से जूझ रहे पालड़ी के ग्रामीण
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
गांव पालड़ी के ग्रामीणों को मूलभूत समस्याओं के चलते परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। इन जन समस्याओं के समाधान की बार-बार मांग उठाने पर भी समाधान अब तक नहीं हुआ है।
पूर्व सरपंच कैलाश पालड़ी, डॉ वेदप्रकाश यादव, अमन पालड़ी, राजेंद्र बोरा, सोनू प्रधान व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव का मुख्य मार्ग काफी खस्ताहाल में है जिससे राहगीरों को दिक्कतें हो रही हैं। इसके अलावा सतनाली फीडर में जल की सप्लाई नहीं होती है जिसके चलते खेतों की सिंचाई सहित पेयजल के लिए भी भारी परेशानियां बनी हुई है। इसके साथ ही पैक्स केंद्र में किसानों व ग्रामीणों के लिए खाद की किल्लत बनी हुई है। इसलिए किसानों को बाहर से खाद खरीदनी पड़ रही है। इसके अलावा गांव के शमशानघाट वाले रास्ते पर बनी पुलिया भी टूटी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बिजली किल्लत भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से समस्याओं से निजात जल्द दिलाने की मांग उठाई है।