ग्राम पंचायत और व्यापार मंडल ने चलाया सुरक्षा अभियान
बाढड़ा।
ग्राम पंचायत व व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने बाबा गुरमीत राम रहीम का फैसला आने के बाद कोई शरारती तत्व सरकारी व निजी संपत्ति को नुकसान ना पहुंचाएं इसके लिए सुरक्षा अभियान चलाया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष रामकिशन फौजी व सरपंच राकेश श्योराण के नेतृत्व में काफी ग्रामीण सरकारी कार्यालयों की चौकसी व्यवस्था में जुटे हैं तथा कस्बे के क्रांतिकारी चौक से गुजरने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखे हुए हैं।
इस चौकसी टीम में कई बुजुर्ग भी शामिल हैं जो रात में सरकारी कार्यालयों और ग्रामीण बैंक शाखाओं के समक्ष भी पहरा दे रहे है ताकि कोई अपराधी तत्व सरकारी संपति को नुकसान न पहुंचाए। व्यापार मंडल अध्यक्ष रामकिशन फौजी व सरपंच राकेश श्योराण ने कहा कि सरकारी संपत्ति व दुकानों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने वाले किसी राष्ट्र के हितैषी नहीं हो सकते। इस मौके पर व्यापारी नेता कटार सिंह, मनोज निरंजनलाल, शंकरलाल, मीहूराम, नवीन, सुरेश, जोतराम, नत्थूराम, रामकिशन, अमर सिंह, बलबीर, संदीप, पंच अनूप, कंवरपाल, कल्लू ,रमेश, राजबीर, अजीत, धर्मबीर, सोनू, राकेश, महेंद्र आदि उपस्थित थे।