अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
गांव सराय औरंगाबाद में एक ट्रांसफार्मर पर मरम्मत कार्य कर रहे एक लाइनमैन को करंट लग गया। करंट लगने से उसकी हालत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उसे बहादुरगढ़ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। करंट की इस घटना से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि जब लाइन बंद थी तो करंट कैसे आ गया, इस मामले की गंभीरता से जांच की जाए।
पीड़ित की पहचान सेक्टर-2 निवासी महताब सिंह के रूप में हुई है। वह बिजली निगम में बतौर लाइनमैन कार्यरत है। रविवार को गांव सराय औरंगाबाद में ट्रांसफार्मर में फाल्ट आ गया था। गांव के शिव मंदिर के पास स्थित इस ट्रांसफार्मर में आई खराबी को जब वह ठीक कर रहा था तो अचानक लाइन में करंट प्रभावित हो गया। इससे उसे जोरदार झटका लगा। करंट का झटका लगने एवं नीचे गिरने से उसकी हालत बिगड़ गई। घटना के वक्त मौके पर काफी भीड़ एकत्र हो गई। ग्रामीण तुरंत उसे ट्रामा सेंटर की ओर लेकर दौड़े। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। एसडीई अनिल शर्मा सहित अन्य अधिकारियों एवं साथी कर्मचारियों ने घायल का हाल चाल जाना।
ग्रामीणों में रोष
इस घटना से गांव के लोगों में बेहद रोष है। ग्रामीण बब्लू, सुखबीर व सुभाष आदि का कहना है कि मेंटेनेंस कार्य से पहले बिजली सप्लाई बंद कराई गई थी तो फिर लाइन में करंट कैसे आया? वैसे भी गांव में रोजाना 11 बजे के बाद बिजली आती है। रविवार को काम चल रहा था। ऐसे में 10 बजे ही बिजली आना बड़ी अजीब बात है। यह सब निगम के किसी कर्मचारी की लापरवाही के कारण हुआ है। उक्त लाइनमैन उनके गांव के लिए कार्य कर रहा था तो उन्हें उससे पूरी हमदर्दी है। वो बिजली कर्मी के साथ हैं और मामले की जांच की मांग करते हैं।
अधिकारी बोले
उधर, एसडीई अनिल शर्मा ने कहा कि मेंटेनेंस कार्य के दौरान ट्रॉली डाउन होती है, जो डाउन नहीं कराई है। हो सकता है उसी की वजह से लाइन में करंट आया हो। कर्मचारियों को भी इसके लिए जागरूक होना होगा। खैर, मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कारणों का पता चल पाएगा।
करंट लगने से बिजली कर्मचारी झुलसा
गुस्साए ग्रामीण बोले, बंद लाइन में कैसे आया करंट