फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर में आए 25 फॉल्ट, गांवों में 12 बिजली के खंभे टूटे

विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। बेमौसम बारिश और आंधी से लगातार तीसरे दिन भी जिले की बिजली व्यवस्था चरमराई रही। बुधवार शाम को आए अंधड़ से शहर में 25 बिजली फॉल्ट आए। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र से 12 बिजली के खंभे टूटने की शिकायतें आईं। वीरवार शाम तक विभाग ने सभी क्षतिग्रस्त पोल को बदलवाकर बिजली सप्लाई बहाल करवा दी। वहीं, शहर की कुछ कॉलोनियों में बुधवार रात करीब आठ बजे गुल हुई बिजली सप्लाई वीरवार शाम चार बजे तक बहाल हो पाई। इसका असर दुकानदारी पर भी पड़ा। ग्रामीण क्षेत्र में भी पांच से सात घंटे तक बिजली सप्लाई प्रभावित रही।
विज्ञापन

बुधवार शाम आई आंधी से शहर और ग्रामीण क्षेत्र के फीडरों की बिजली व्यवस्था ठप हो गई थी। इसके चलते शहर की डेढ़ दर्जन कालोनियां में बिजली सप्लाई ठप रही। निगम की फॉल्ट रिमूविंग टीमों ने ज्यादातर फॉल्टों को बुधवार रात ही दुरुस्त कर बिजली सप्लाई बहाल कर दी थी लेकिन बस स्टैंड क्षेत्र की बिजली सप्लाई बहाल करते ही दोबारा से फॉल्ट आ गया। इसकी सूचना मिलते ही टीम दोबारा साइट पर पेट्रोलिंग करने पहुंची और फॉल्ट का पता लगाने में जुट गई।
निगम जेई मोहित कुमार ने बताया कि बुधवार शाम को 4:45 पर आई तेज आंधी और बारिश को देखते हुए सभी फीडरों की सप्लाई बाधित कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि शाम 6:40 पर बिजली सप्लाई बहाल की गई तो अलग-अलग जगहों पर 25 फॉल्ट आ गए और इसके चलते विभिन्न फीडरों की बिजली सप्लाई बाधित हो गई। उन्होंने बताया कि तीन फॉल्ट रिमूविंग टीमों को सूचना मिलते ही फॉल्ट ठीक करने भेजा गया। उन्होंने बताया कि रात करीब साढ़े नौ बजे तक 25 में से ज्यादातर शिकायतों का निपटान कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड क्षेत्र में लाइन की पेट्रोलिंग करने के बाद फॉल्ट का पता चल पाया। वीरवार शाम चार बजे जाकर इस क्षेत्र की बिजली सप्लाई बहाल हो पाई। निगम अधिकारियों ने बताया कि जोरदार आंधी से चार गांवों में 12 बिजली पोल भी टूट गए। इन पोल को वीरवार शाम तक रिप्लेस किया जा सका। इसके चलते चारों गांवों में कई घंटे लगातार बिजली सप्लाई बाधित रही। उन्होंने बताया कि शहर में कहीं क्वाइल जली मिली तो कहीं पेड़ की टहनी तारों पर गिरने से फॉल्ट आ गया। दस से अधिक जगहों पर जंपर और फ्यूज उड़ने से फॉल्ट आया।
विज्ञापन

कहां कितने टूटे बिजली के पोल
आंधी के चलते बुधवार को गांव महराणा में पांच बिजली पोल टूटकर जमीन पर गिर गए। इसके चलते ज्यादातर गांव की बिजली सप्लाई प्रभावित रही। वहीं, लोहरवाड़ा व सरूपगढ़ में दो-दो बिजली पोल टूटे जबकि बलकरा गांव में तीन बिजली पोल टूट गए। बलकरा गांव का मुख्य पोल टूटने से आधे गांव की बिजली सप्लाई रातभर प्रभावित रही।
तीन दिनों से जारी फॉल्टों का खेल, मार्केट रहीं प्रभावित
पिछले तीन दिनों से लगातार घंटों के बिजली कट लगने से इसका मार्केट पर खासा असर देखने को मिला। खासकर मोबाइल मार्केट, इलेक्ट्रानिक्स मार्केट और सराफा बाजार का कामकाज प्रभावित रहा। बिजली गुल रहने से मोबाइल मार्केट का 70 प्रतिशत तो इलेक्ट्रानिक्स मार्केट का 40 फीसदी कारोबार प्रभावित रहा।
बुधवार को आंधी से शहर में करीब 25 फॉल्ट आए थे। हमारी टीमों ने ज्यादातर फॉल्ट बुधवार रात को ही दुरुस्त कर दिए थे जबकि बस स्टैंड क्षेत्र की बिजली सप्लाई वीरवार शाम चार बजे बहाल कर दी थी। गांवों में करीब 12 बिजली के खंभे गिरे थे।
विज्ञापन

मोहित कुमार, जेई, बिजली निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें