केमिकल ब्लास्ट में घायल व्यक्ति की अस्पताल में मौत
अमर उजाला ब्यूरो
बादली। गुभाना गांव स्थित फैक्टरी में केमिकल ड्रम ब्लास्ट के दौरान घायल हुए दूसरे व्यक्ति ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि घायल की देर रात मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार फैक्टरी में खतरनाक रसायन की मिलावट का काम होता था। सोमवार गुभाना गांव की एक अवैध फैक्टरी में रखे रसायन पदार्थ में ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट के बाद फैक्ट्री में लगी आग से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि फैक्ट्री मालिक नवीन कुमार (35) पुत्र रणधीर निवासी डीघल भीषण आग में झुलस गया। नवीन को गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेजा गया जहां बीती रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस थाना प्रभारी अशोक दहिया कहना है कि मौके पर ही मौत का ग्रास बने टेंपो चालक की पहचान नहीं हो सकी है। टेंपो दिल्ली के शेखुपुरा के रहने वाला व्यक्ति का मिला है जबकि चालक की पहचान के लिए दिल्ली पुलिस से मदद ली जा रही है।
फैक्टरी में मिला खतरनाक केमिकल
एफएसएल की प्राथमिक जांच में मिथाइल इथाईल कीटोन पेरोक्साइड (एमईकेपी) केमिकल का प्रयोग फैक्टरी में होने का अंदेशा जताया है। बताया गया है कि एमईकेपी ज्वलनशील पदार्थ होता है जो कि आरडीएक्स से भी ज्यादा विस्फोटक होता है। गांव के बीचों-बीच ऐसे ज्वलनशील रसायन का होना पड़ोसियों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। केमिकल जांच के लिए मधुबन से विशेष टीम को भी बुलाया जाएगा। प्रदूषण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी कृष्ण कुमार का कहना है कि गांव में किसी भी प्रकार की इकाईयों को लाइसेंस नहीं हैं। कोई ऐसी गतिविधि गांव में मिलती है तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।