अमर उजाला ब्यूरो
बौंदकलां। जलभराव के चलते खराब हुई खरीफ की फसल का पूरा मुआवजा न मिलने पर एक किसान ने सीएम विंडो पर शिकायत लगाई है। किसान का आरोप है कि नुकसान के आकलन के मुताबिक बीमा कंपनी ने उसे मुआवजा नहीं दिया। किसान अमित परमार ने सीएम विंडो पर दी शिकायत में बताया कि सितंबर महीने में ज्यादा तेज बारिश होने से जलभराव के चलते फसलें खराब हो गई थी। इसके बाद सरकार द्वारा गिरदावरी के आदेश दिए गए थे। जिन किसानों ने फसलों का बीमा करवाया था उन्होंने तीन अक्तूबर को बीमा कंपनी व कृषि विभाग को नुकसान होने की शिकायत दी थी। शिकायत के बाद 17 अक्तूबर को फसल बीमा कंपनी व कृषि विभाग की टीम सर्वे करने के लिए आई थी। शिकायत में किसान अमित परमार ने बताया कि नुकसान आकलन के मुताबिक उसे मुआवजा नचहीं मिला। किसान ने कहा कि सरकार कंपनी की जांच करवाए तो अन्य किसानों के साथ भी गड़बड़ी मिल सकती है।