अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। हरियाणा रोडवेज में वर्ष 2016 में भर्ती हुए चालकों की सेवा समाप्ति के पत्र जारी करने और विभाग का निजीकरण करने के विरोध में रोडवेज कर्मचारियों द्वारा 13 दिसंबर से दो दिवसीय भूख हड़ताल की जाएगी। इसके लिए तालमेल कमेटी ने दादरी बस स्टैंड पर मीटिंग कर रणनीति तैयार की। हरियाणा रोडवेज महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रणबीर गहलौत सहित कई यूनियनों के पदाधिकारियों ने डिपो में आपातकालीन मीटिंग बुलाई और सरकार के निर्णय का विरोध जताया।
सभी यूनियनों की तालमेल कमेटी के सदस्यों ने सरकार और विभागीय अधिकारियों पर आरोप लगाकर कहा कि रोडवेज विभाग को बंद करने की मंशा के साथ कर्मचारी विरोधी फैसले लिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 13 व 14 दिसंबर को दो दिवसीय भूख हड़ताल की जाएगी। सरकार द्वारा कोई ठोस समाधान नहीं किया गया तो विभाग की तालमेल कमेटी सरकार व विभाग के खिलाफ रणनीति तैयार कर बड़े आंदोलन की घोषणा कर सकती है। कमेटी सदस्यों ने वर्ष 2016 में लगे चालकों को हटाने के फैसले का विरोध किया। उन्होंने कहा कि पहले विभाग के कर्मचारियों का ओवर टाइम बंद किया और बाद में ग्रामीण क्षेत्रों में बसों का ठहराव बंद करके अब चालकों को हटाया जा रहा है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। तालमेल कमेटी अब कर्मचारी हितों को लेकर संघर्ष कर रही है। अगर सरकार अपने फैसले से नहीं हटी तो इस बार आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। इस अवसर पर रोडवेज डिपो के इंटक प्रधान राजेश रावलधी, महासंघ प्रधान श्रीभगवान मंदोला, पूर्व प्रधान धर्मबीर डाला, एसकेएस प्रधान भूप सिंह धनासरी, करतार साहू, कृष्ण, सतबीर, कमल फौगाट, बिल्लू, सोमबीर, सुखविंद्र आदि मौजूद रहे।