अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। जिले की पहली महिला पुलिस कप्तान समिति चौधरी ने वीरवार को पुलिस थानों में तैनात कर्मचारियों के तबादले कर दिए हैं। उन्होंने 27 पुलिस कर्मियों को इधर से उधर किया है। पुलिस कप्तान के नए आदेशों के मुताबिक इंस्पेक्टर दलबीर सिंह सिटी थाने की कमान संभालेंगे तो वहीं इंस्पेक्टर हितेंद्र दांगी को इकोनोमिक सेल की जिम्मेदारी दी गई है। ट्रांसफर पुलिस कर्मियों में 80 प्रतिशत हेड कांस्टेबल रैंक के हैं।
इंस्पेक्टर गौरव कुमार के ट्रांसफर के बाद बस स्टैंड चौकी प्रभारी एसआई राजबीर सिंह को कार्यवाहक सिटी थाना प्रभारी नियुक्त किया गया था। करीब एक सप्ताह तक वैकल्पिक व्यवस्था रहने के बाद अब इंस्पेक्टर दलबीर सिंह को एचएसओ सिटी लगाया गया है। दलबीर सिंह पहले इकोनोमिक सेल की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। दलबीर सिंह के सिटी एचएसओ बनने के बाद इकोनोमिक सेल में इंस्पेक्टर हितेंद्र दांगी की तैनाती की गई है। उनके पास कोर्ट सुरक्षा और ज्यूडिशियल गार्ड का अतिरिक्त कार्यभार रहेगा। उनके अलावा एसआई प्रेम सिंह को पुलिस लाइन से सिटी पुलिस थाने में लगाया गया है। वहीं, लेडी एएसआई इंदु बाला को बौंदकलां थाने से महिला पुलिस थाने में बतौर सीडब्ल्यूओ लगाया गया है। वहीं, एसपी ने एक महिला सहित 16 हेड कांस्टेबल और छह कांस्टेबल की तैनाती में भी फेरबदल किया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो यह ट्रांसफर प्रक्रिया रूटीन की है।
कार्यभार संभालने के बाद ही मैंने बैठक लेकर अपराध की रोकथाम के लिए सभी थाना और चौकी प्रभारियों को आदेश दे दिए हैं। जल्द ही शहर के मौजिज लोगों और बैंक अधिकारियों के साथ सुरक्षा के पहलू को ध्यान में रखकर बैठक की जाएगी। - समिति चौधरी, एसपी