जींद रैली में सरकारी तंत्र और पैसे का दुरुपयोग कर रही भाजपा: सांगवान
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
पूर्व मंत्री व कांग्रेसी नेता सतपाल सांगवान ने कहा कि जींद रैली को लेकर भाजपा सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर व पैसे देकर लोगों की जबरन भीड़ बढ़ाने का प्रयास कर रही है। अगर सरकार चलानी नहीं आती तो मनोहरलाल खट्टर को घर बैठ जाना चाहिए। स्वयं सीएम मनोहर लाल बिना नंबर की बाइक चलाकर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान बुधवार को दादरी में अपने निवास पर पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। सांगवान ने कहा कि प्रदेश बिना नंबर की बाइक नहीं है। मुख्यमंत्री साहब, जिसे अपनी मर्जी से नियमों की धज्जियां उड़ाकर चलाते रहो। अगर ऐसे ही सरकार चलानी है तो घर बैठ जाओ, भोली जनता का भला हो जाएगा। पूर्व मंत्री ने कहा कि अमित शाह की रैली को लेकर प्रदेश सरकार आम जनता को बिल्कुल भूल चुकी है। एक तो पहले ही डॉक्टरों की कमी है, जिस पर सरकार ने रैली में डॉक्टरों की ड्यूटी भी लगा दी है। इससे प्रदेश की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व सहकारिता मंत्री सतपाल सांगवान ने कहा कि सरकार ने दादरी को जिला तो बना दिया लेकिन विकास के नाम पर एक भी ईंट यहां पर नहीं लगाई है। उनकी सरकार में जो परियोजनाएं मंजूर हो चुकी थीं वो भी सरकार के मंत्रियों में कैंसिल करवा दी है। ऐसे में जिले के लोगों का मन भाजपा सरकार से उठ चुका है। इस मौके पर युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संदीप फौगाट, जिला महासचिव जयंत वशिष्ठ, सत्यव्रत सांगवान, पूर्व सरपंच अजीत रावलधी, लोकेश गुप्ता, मोहित मोठसरा, रामशरण नीमड़ी व भोलू खातीवास सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।