गलत बिजली बिल भेजने से उपभोक्ता परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
बौंदकलां।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से निजी कंपनियों को दिया गया बिल तैयार करने का ठेका उपभोक्ताओं के गले की फांस बना हुआ है। इस बार गांवों में गलत रीडिंग के बिजली बिल उपभोक्ताओं को भेजे गए हैं। इससे खफा ग्रामीणों ने शुक्रवार को निगम कार्यालय पहुंचकर विरोध जताते हुए बिल की त्रुटियों को दूर कराने की मांग की।
बौंदकलां में इन दिनों बिजली बिल वितरित किए जा रहे हैं। बिजली बिलों की अदायगी की तारीख काटकर तीन जनवरी 2018 तय कर रखी है। वहीं पर कुछ बिलों में चार जनवरी भी दी गई है। ग्रामीण मोहिंद्र ने बताया कि उसके मीटर में अभी तक केवल 8224 रीडिंग है, लेकिन निगम ने भेजे बिल में 8635 दी हुई है। इसी प्रकार से ओमप्रकाश ने बताया कि उसे निगम ने 2275 रीडिंग का बिल थमा रखा है जबकि मीटर में केवल 1506 रीडिंग ही है। दुकान का बिल लेकर आए अर्मतसेन ने बताया कि एक महीने के बिल में बिजली निगम ने 7886 रीडिंग दे रखी हैं जबकि मीटर में केवल 3005 ही रीडिंग आई हुई है। इसी प्रकार से रामचंद्र सिंह ने बताया कि उसकी दुकान में केवल एक नौ वॉट का बल्ब ही जलता है, लेकिन निगम ने एक महीने में 110 यूनिट का 770 रुपये का बिल भेज रखा है जबकि दिन के समय केवल डेढ़ घंटा बिजली आती है। इसके साथ ही कई बिलों में ओल्ड और न्यू रीडिंग को उल्टफेर करके लिखा गया है। ऐसे में बिजली उपभोक्ताओं को ही परेशानी झेलनी पड़ रही है। बिजली बिलों में रीडिंग का कार्य सही प्रकार से नहीं किया गया है। कार्यालय के एलडीसी धर्मबीर शर्मा ने बताया कि उसके बाद बीस से लेकर 30 बिजली उपभोक्ता रोजाना गलत रीडिंग के बिजली बिल लेकर आ रहे हैं।
---
इस बार पहले से कम गलतियां : जेई
इस बारे में फीडर प्रबंधक जेई प्रवीन कुमार से गलत रीडिंग के बिलों पर सवाल किया गया तो वो बोले की सरकार ने सीआईपीएल कंपनी को मीटर रीडिंग लेने, बिजली विरतण करने का काम दे रखा है। पहले वितरण हुई बिजली बिलों में ज्यादा खामियां थीं। अब की बार पहले से कम गलतियां हुई है। जिसको ठीक कर लिया जाएगा।