अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
पुलिस अधिकारियों की ओर से शहर में चौकसी और सुरक्षा के मद्देनजर तीन महीने पहले चीता राइडर्स को तैनात किया गया था। इनमें कुल 25 राइडर्स शामिल थे जो शहर में घूमकर लोगों की सुरक्षा के लिए ड्यूटी कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों के पास पिछले कई दिनों से शिकायत पहुंच रही थी कि ये राइडर्स न केवल अपनी ड्यूटी सही ढंग से निभा रहे हैं बल्कि एकांत स्थान पर बैठकर अपना टाइम पास करते हैं। शिकायत मिलने के बाद बहादुरगढ़ के एएसपी लोकेंद्र सिंह ने कई स्थानों पर स्वयं जाकर जांच पड़ताल की तो चीता राइडर्स की यह लापरवाही सामने आई। इस पर एएसपी ने कड़ा संज्ञान लिया और उन्हें बालौर रोड पर स्थित कार्यालय के बाहर कई घंटों तक खड़ा कर दंडित किया।
बुधवार को एएसपी लोकेंद्र सिंह शहर में विभिन्न स्थानों पर पहुंचे थे और वहां पर उन्हें कोई भी चीता राइडर्स अपनी ड्यूटी के प्रति स्तब्ध नजर नहीं आया। बृहस्पतिवार को उन्होंने इस संबंध में कार्रवाई करते हुए उन चीता राइडर्स को बुलाया और उन्हें दंडित किया। बताया गया है कि इसमें 16 राइडर्स ऐसे थे जो अपनी ड्यूटी को सही ढंग से नहीं निभा रहे थे। सूत्रों ने बताया है कि इन चीता राइडर्स को बालौर रोड पर स्थित एएसपी कार्यालय में बुलाया गया और सुबह के समय करीब 10 बजे से शाम 5 बजे तक उन्हें बाहर ग्राउंड में खड़े रखा।
अलग-अलग जोन में की गई थी राइडर्स की तैनाती
16 अगस्त को एसपी बी सतीश बालन ने हरी झंडी दिखाकर इन राइडर्स को शहर में अलग-अलग जोन में बांटकर प्रत्येक जोन में तैनाती की थी। कहा गया था कि सभी राइडर्स अपने निर्धारित एरिया में पूरी चौकसी के साथ गश्त करेंगे। मगर काफी दिनों से अपने अपनी जिम्मेवारी से दूर भाग रहे थे। राइडर्स को न केवल सड़कों पर बल्कि गलियों में भी चौकसी रखने के आदेश दिए गए थे।
चीता राइडर्स नहीं निभाते सही ढंग से अपनी ड्यूटी
पहले भी इस तरह की शिकायत शहरवासियों की ओर से पुलिस अधिकारियों को की गई हैं। मगर अब एएसपी की ओर से कड़ा संज्ञान लिया गया है। एएसपी की तरफ से की गई कार्रवाई पर शहरवासियों ने भी खुशी जताई है। लोगों का कहना है कि पुलिस कर्मचारियों पर जब तक उच्चाधिकारियों की तरफ से सख्त रुख नहीं अपनाया जाता, तब तक वे अपनी ड्यूटी को सही ढंग से नहीं करते। इस तरह की कार्रवाई समय-समय पर उच्चाधिकारियों की ओर से की जानी चाहिए। एक-दो महीने में मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करना चाहिए। इससे उनकी लापरवाही सामने आएगी।
क्या कहते हैं अधिकारी
एएसपी लोकेंद्र सिंह का कहना है कि जो चीता राइडर्स अपनी ड्यूटी सही ढंग से नहीं निभा रहे हैं उन्हें अपने काम के प्रति सजग रहने के लिए इस तरह किया गया है ताकि वे लोगों की सुरक्षा के लिए समय पर काम करें। साथ ही उन्हें एएसपी लोकेंद्र सिंह ने चेतावनी भी दी है कि यदि भविष्य में इस तरह लापरवाही करते नजर आए तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
लापरवाह 16 चीता राइडर्स को एएसपी ने किया दंडित, कई घंटों तक कार्यालय के बाहर खड़ा रखा
-सही ड्यूटी निभाने के लिए भविष्य के लिए भी दी चेतावनी