‘राष्ट्रीय एकता मैराथन’ में दौड़ेंगे एक हजार युवा
चरखी दादरी।
प्रदेश के अन्य जिलों की तरह दादरी में भी 31 अक्तूबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इसी उपलक्ष्य में मंगलवार को सुबह नौ बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से मैराथन दौड़ का शुभारंभ किया जाएगा।
उपायुक्त विजय कुमार सिदप्पा ने सोमवार को अपने कार्यालय में अधिकारियों की बैठक में इस आयोजन की तैयारियों के लिए दिशा-निर्देश दिए । उन्होंने बताया कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने खंड-खंड भारत को अखंड भारत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पटेल की याद में 31 अक्तूबर को सुबह नौ बजे सरदाजी झाड़ू सिंह चौक पर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से मैराथन दौड़ का शुभारंभ किया जाएगा। इसमें पुलिस के जवान, एनसीसी कैडेट्स, कालेज व स्कूल के वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थी भाग लेंगे।
युवा राजकीय विद्यालय से भगवान परशुराम चौक, बस स्टैंड रोड, रोज गार्डन और वहां से वापस परशुराम चौक, रोहतक रोड तथा सदर थाने के सामने से घूम कर रावमावि परिसर में पहुंचेंगे। उपायुक्त ने अधिकारियों को मैराथन दौड़ के दौरान यातायात व्यवस्था का उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मैराथन शुरू होने से पहले सभी प्रतिभागियों व उपस्थित नागरिकों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलवाई जाएगी। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अजय सिंह तोमर, एसडीएम ओमप्रकाश देवराला, नगराधीश मनीष फौगाट, जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी धर्मबीर यादव, मंजीत सिंह ,जयप्रकाश सभ्रवाल आदि मौजूद थे।