अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
त्योहार कोई भी हो उसे बहादुरगढ़ शहर में बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इसके लिए काफी पहले से ही तैयारियों का सिलसिला शुरू हो जाता है। इसी प्रकार का माहौल आठ अक्तूबर को पड़ने वाले करवाचौथ को लेकर भी है। इससे जुड़ी सामग्री वाली दुकानें बाजारों में सज गई हैं। इस बार इन पर महंगाई की थोड़ी मार पड़ रही है। इनके भाव में पिछली बार की अपेक्षा 15 फीसदी वृद्धि देखी जा रही है।
बहादुरगढ़ के रेलवे रोड, मेन बाजार, नाहरा-नाहरी रोड, झज्जर रोड व नजफगढ़ रोड पर इस प्रकार की काफी दुकानें सज गई हैं। इस बार बाजार में प्रति चीनी करवा की कीमत 40 रुपये व 50 रुपये है। पिछली बार साइज के हिसाब से इनकी कीमत 20, 30 व 40 रुपये थी। मगर इस बार यह सिर्फ एक साइज में ही उपलब्ध है।
रेलवे रोड के दुकानदार नरेश का कहना है कि चीनी के रेट भी काफी उछाल आया है। इसी कारण चीनी करवा पर महंगाई का रंग दिखाई दे रहा है। कारोबारियों का कहना है कि इस बार करवाचौथ को लेकर महिलाओं में काफी अधिक उत्साह देखा जा रहा है। बाजारों में मिल रहे मिट्टी के करवे की कीमत में भी वृद्धि हुई है। यह 20 से लेकर 50 रुपये प्रति करवा तक बेचा जा रहा है। 20 वाला मिट्टी का करवा सिंपल है और 50 वाला डिजाइनर है। पूजन के लिए सीक की कीमत 10 से 15 रुपये है, जिसमें पांच रुपये का इजाफा है। वहीं चांद के दीदार के लिए जो छलनी 25 से 30 रुपये में मिलती थी। अब वह 40 रुपये की बिक रही है। इसके अलावा चीनी मिठाई और खील की कीमत में भी थोड़ी तेजी है।