बहादुरगढ़। सीबीएसई के दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। परिणाम घोषित होते ही स्कूलों में सफल विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। अभिभावकों और शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर प्रोत्साहित किया। शहर के सेक्टर-2 के नजदीक स्थित मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल का दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम सराहनीय रहा। स्कूल की 80 छात्राओं में से 51 ने मेरिट सूची में अपना नाम दर्ज कराया। वहीं 32 छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक लेकर स्कूल का नाम रोशन किया। विद्यालय की छात्रा साक्षी पुत्र राकेश कुमार प्रथम रही। सोनाली ने दूसरा और करिश्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया। स्कूल के निदेशक राकेश कोच ने स्कूल का परीक्षा परिणाम अव्वल आने पर स्कूल प्राचार्य कविता कश्यप, अध्यापकों और छात्राओं को बधाई दी।
एसडीएम पब्लिक स्कूल
देशलपुर स्थित एसडीएम पब्लिक स्कूल का परीक्षा परिणाम शानदार रहा। छह विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में नाम दर्ज कराया। जबकि 10 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में रहे। परीक्षा परिणामों में संचिता, साक्षी, अंशू, हर्ष, सेजल और सपना ने स्कूल का नाम रोशन किया। स्कूल प्रधानाचार्य शर्मिला दहिया व स्कूल संचालक प्रदीप सांगवान ने बेहतरीन परिणाम पर शिक्षकों व विद्यार्थियों को बधाई दी और उनकी हौसला अफजाई भी की।
हरदयाल स्कूल
दसवीं में स्कूल के 20 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर स्कूल का नाम रोशन किया। स्कूल के तनीश गुप्ता ने 97.4 प्रतिशत अंक लेकर पहला स्थान हासिल किया। आईटी में 7 और हिंदी में 6, विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत अंक हासिल किए। हिंदी में 69 विद्यार्थियों ने, आईटी में 88, सामाजिक विज्ञान में 34, गणित में 37, अंग्रेजी में 16 और विज्ञान में 10 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। स्कूल की निदेशिका अनुराधा यादव व प्राचार्य नरगेश ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और बधाई दी।
सैनिक पब्लिक स्कूल
इस स्कूल विद्यार्थियों ने दसवीं की परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन किया। सामाजिक विज्ञान में 100 प्रतिशत अंक लेकर एक नया इतिहास बनाया गया है। छात्रा हिमांशी ने 98 प्रतिशत अंक पाकर पहला स्थान पाया। छात्रा संध्या और रितिका ने 97 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा स्थान, दो ने सामाजिक विज्ञान में 100 प्रतिशत अंक लेकर तथा एक ने गणित में 100 अंक, एक ने हिंदी में 100 अंक प्राप्त कर रिकार्ड बनाया। 95 प्रतिशत से अधिक अंक लेने वाले 12, 90 से अधिक अंक लेने वाले 20, 80 प्रतिशत से अधिक अंक लेने वाले 47 विद्यार्थी शामिल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य बीएल भारद्वाज ने बच्चों को बधाई दी तथा उनके उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।
श्री रामा भारती स्कूल
शहर के श्रीरामा भारती स्कूल का दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा। 220 विद्यार्थियों में से 45 ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। कुल मिलाकर 152 विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में अपना नाम दर्ज कराया। युक्ति ने 97.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में पहला स्थान हासिल किया। वहीं अमन ने 97.2, अंजलि व भुवन 96.6, सांची व नेहा ने 95.8 और मयंक मलिक व मनीष शर्मा ने 95.2 प्रतिशत, दिनेश ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर स्कूल व अभिभावकों का नाम रोशन किया। युक्ति, योगेश और कुसुम ने हिंदी विषय में 10 प्रतिशत, भुवन गुप्ता ने हिंदी व गणित विषय में 100, अमन शर्मा ने गणित में 100 अंक हासिल कर सफलता पाई। 12 विद्यार्थियों ने कंप्यूटर विषय में 100 प्रतिशत अंक हासिल किए। प्राचार्या रुचिका चौधरी, उप प्राचार्या आरती अग्रवाल व स्कूल निदेशक एएस गुप्ता ने सभी को बधाई दी।