झज्जर। शिक्षा नियमावली 134ए के तहत निजी स्कूलों में दाखिलों के लिए रविवार को होने वाली परीक्षा के लिए जिले में 11 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें पांच ब्लॉक के 7129 बच्चे परीक्षा देंगे। इसके लिए विभाग की ओर से पूरी तैयारियों की गई हैं। परीक्षा को सुचारु तौर पर करवाने के लिए विभाग के द्वारा हर परीक्षा केंद्र पर दो प्राचार्य को नोडल अधिकारी तथा एक प्राचार्य की ड्यूटी बतौर आब्जर्वर लगाई गई है। वहीं ब्लॉक में बीईओ को नोडल अधिकारी लगाया गया है। परीक्षा की जांच के लिए डीईओ की फ्लाइंग भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेगी।
दस बजे शुरू होगी परीक्षा
परीक्षा सुबह के सत्र में दस बजे शुरू होगी, जिसके लिए 9 बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंचना जरूरी है। दो घंटे की परीक्षा का परिणाम विभाग के द्वारा 18 अप्रैल को घोषित कर दिया जाएगा। परीक्षा के लिए झज्जर में चार, बहादुरगढ़ में तीन, बेरी में दो, मातनहेल तथा साल्हावास में एक-एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
झज्जर में ये हैं परीक्षा केंद्र
झज्जर ब्लॉक के छात्रों के लिए शहर के बीकानेर चौक पर स्थित राजकीय कन्या तथा ब्वॉयज स्कूल के अलावा जहांआरा बाग स्टेडियम के पास शांति निकेतन स्कूल व कोसली रोड के सनराइज स्कूूल में सेंटर बनाया गया है। बहादुरगढ़ में 3598, झज्जर में 1728, बेरी में 875, साल्हावास में 668 तथा मातनहेल में 260 छात्र परीक्षा देंगे।
परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को ही पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। परीक्षा को बेहद ही सुचारु ढंग से करवाया जाएगा। परीक्षा के लिए प्राचार्य व दूसरे स्टाफ की ड्यूटियां लगा दी गई हैं।
सतबीर सिवाच, डीइओ, झज्जर।