पुरुष वर्ग में राज राइफल्स तो महिला वर्ग में चिड़िया की टीम बनी विजेता
अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा। बाबा प्रीतमदास की स्मृति में जेवली गांव में राज्य स्तरीय वॉलीबाल महाकुंभ स्पर्धा का आयोजन किया गया। इसमें इंडियन आर्मी की राज राइफल्स प्रथम और करनाल की टीम उप-विजेता बनी। खेल महाकुंभ का शुभारंभ जनसेवा महासंघ से सत्यवान शास्त्री ने किया जबकि विजेता खिलाड़ियों को समाजसेवी उमेद पातुवास ने सम्मानित किया।
जेवली के बीपीडी विद्यालय परिसर में पूर्व डीएसओ धनसिंह श्योराण की अध्यक्षता में आयोजित राज्यस्तरीय वॉलीबाल महाकुंभ स्पर्धा में 23 टीमों ने भागीदारी की। इसमें कड़े मुकाबले देखने को मिले। स्पर्धा के फाइनल मुकाबलों में कांटे की टक्कर हुई। पुरुष वर्ग में राज राइफल्स प्रथम, करनाल की टीम द्वितीय और एचवीएम कादमा की टीम तृतीय स्थान पर रही। महिला वर्ग में चिड़िया की टीम प्रथम, चैहड़कला की टीम द्वितीय व मेजबान जेवली की टीम तीसरे स्थान पर रही।
उमेद पातुवास ने कहा कि इस तरह की स्पर्धाओं के आयोजन से खिलाड़ियों के खेल कौशल का विकास होता है। उन्होंने विजेता टीमों को बधाई दी और नकद राशि देकर सम्मानित किया। वहीं, सत्यवान शास्त्री ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण आंचल के प्रतिभावान खिलाड़ियों को एक मंच प्रदान करते हैं, जिनसे उनकी प्रतिभा निखर कर सामने आती है। इस मौके पर पात्रता अध्यापक संघ प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, नरवेंद्र, दलबीर सिंह, पूर्व डीएसओ रामकुमार, प्राचार्य अत्तर सिंह, अजमेर कोच, राम अवतार बाढड़ा, पूर्व वॉलीबाल कोच चरणसिंह, सरपंच प्रेम, प्रविंद्र चांदवास, सत्यवान शर्मा, राजेश श्योराण आदि मौजूद थे।