कुशल कार्यप्रणाली पर पुलिस थानों को मिलेंगे अंक, खामी पर कटेंगे
चरखी दादरी। एक वर्ष की कार्यप्रणाली के आधार पर प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ थाने का चुनाव किया जाएगा। यह चयन 19 बिंदुओं पर आधारित अंक तालिका के आधार पर किया जाएगा। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने इस संबंध में प्रदेश के सभी एसपी को पत्र जारी किया है। यदि किसी मामले में पुलिस थाने की कार्रवाई दुरुस्त मिली तो इसके लिए अंक दिए जाएंगे और अगर खामी मिली प्राप्त अंकों में से कटौती की जाएगी। इसके बाद अपने जिले के सभी थानों की फाइनल रिपोर्ट कार्ड तैयार कर पुलिस कप्तान उच्चाधिकारियों को सौंपेंगे। चरखी दादरी जिले मे थानों की रिपोर्ट तैयार करने की कवायद शुरू हो चुकी है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने सभी थाना प्रभारियों को गाइड लाइन जारी कर दी है। उल्लेखनीय है कि चरखी दादरी जिले में इस समय सदर, सिटी, बौंदकलां व बाढड़ा पुलिस थाने और तीन पुलिस चौकियां हैं।
इस तरह मिलेंगे अंक
पुलिस थानों की कार्यप्रणाली का आंकलन करने के जो निर्देश मिले हैं उसके अनुसार बेहतर कार्य करने पर अधिकतम 12 अंक दिए जाएंगे और भ्रष्टाचार का मामला मिलने पर थाने की अंक तालिका से 50 अंक कटेंगे। यदि किसी पुलिस थाने में अपराध को होने से पहले ही रोका गया है तो आधा अंक से लेकर आठ अंक तक देने का प्रावधान है। इसके अलावा पुराने मामलों का निपटान करने पर दो अंक मिलेंगे जबकि नया मामला अगर दर्ज हुआ है तो उस पर दो अंक काटे जाएंगे। इसी प्रकार मामले के आरोपी की गिरफ्तारी करने पर पांच अंक। लेकिन लंबी समयावधि के बावजूद गिरफ्तारी नहीं हो पाई तो पांच अंक काटे जाएंगे।
अगर किसी थाना क्षेत्र में पिछले एक साल में कानून व्यवस्था बिगड़ी और थाना प्रभारी की बजाय स्वयं पुलिस अधीक्षक को मोर्चा संभालना पड़ा तो इस पर दस अंक काटे जाएंगे। एसपी से भी बात नहीं बनी और आईजी मौके पर पहुंचे तो 20 अंक काटे जाएंगे। जिन मामलों की पैरवी स्वयं थाना प्रभारी कर रहे हैं और इनमें आरोपी को सजा हुई है तो 12 अंक मिलेंगे और यदि बरी हुआ है तो पांच अंक काटे जाएंगे। इसके अलावा थाने का कर्मचारी सस्पेंड होने पर 20 अंक जबकि भ्रष्टाचार में संलिप्ता पर 50 अंक काटे जाने का प्रावधान है। अगर किसी कर्मचारी की रवानगी में फर्जीवाड़ा सामने आया है तो इस सूरत में भी 50 अंक काटे जाएंगें। इसके अलावा चोरी, लूट या डकैती के मामलों में माल की बरामदगी न कर पाने की सूरत में भी प्रति मामला स्थिति के अनुरूप आठ प्वाइंट तक काटे जाएंगे। किसी पुलिस थाने की सीएलजी (कम्युनिटी लेजन ग्रुप) ने पिछले एक साल में अगर हर माह से बैठक नहीं की है तो इसके लिए भी थाने के रिपोर्ट कार्ड से पांच अंक काटे जाएंगे।
इस संबंध में सरकार की तरफ से निर्देश मिले हैं। अगले दो दिन में ही चरखी दादरी जिले के थानों की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज देंगे। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने सभी थानों को निर्देश दे दिए हैं।
- सुरेंद्र दांगी, पुलिस प्रवक्ता