अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार बर्फबारी से मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कड़ाके की सर्दी के चलते सरकार की ओर से 25 दिसंबर से 8 दिसंबर तक सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों में छुट्टियों के आदेश दिए गए थे। जिन्हें अब 14 जनवरी तक बढ़ाया गया है। प्राइवेट स्कूल संचालकों ने अपनी मनमर्जी चलाते हुए न तो पिछले दिनों सरकारी आदेशों की पालना की ओर न ही अब दोबारा से दिए गए सरकारी आदेशों का पालन हो रहा है। कहीं-कहंीं पर तो स्कूल ड्रेस में और कहीं पर घर की वर्दी में बच्चों की क्लासें लगाई जा रही हैं।
इस तरह खुल रहे स्कूलों से तो ऐसा लगता है जैसे निजी शिक्षण संस्थान संचालक सरकार के आदेश मानने के लिए तैयार नहीं है। सोमवार को कई निजी स्कूलों ने सरकारी आदेशों को ठेंगा दिखाया और कक्षाएं लगाई। इस दौरान खास बात यह रही कि कहीं पर बच्चों को स्कूल ड्रेस में बुलाया गया तो कहीं पर घर की ड्रेस में कक्षाएं लगाई गई। सरकारी आदेशों को ठेंगा दिखाने वाले स्कूल संचालकों के खिलाफ न तो शिक्षा विभाग और न ही प्रशासनिक स्तर पर किसी तरह की कोई कार्रवाई हो रही है।
सरकारी आदेशों को चुनौती दे रहे प्राइवेट स्कूल
बहादुरगढ़ के प्राइवेट स्कूल संचालक सीधे राज्य सरकार को चुनौती दे रहे हैं। सरकारी आदेशों के साथ-साथ बच्चों के जीवन से भी खिलवाड़ कर रहे हैं। सुबह के समय भीषण ठंड रहती है। छोटे बच्चों को सर्दी लगने का खतरा लगातार बना हुआ है। खास बात यह है कि स्कूल संचालक इकट्ठे बच्चों को स्कूल से बाहर भी नहीं निकाल रहे हैं। एक-एक करके बच्चों को बाहर निकाला जा रहा है।
इस तरफ किसी प्रशासनिक व शिक्षा विभाग के अधिकारी का कोई ध्यान नहीं है। सरकार की ओर से पहले 25 दिसंबर से 8 जनवरी तक छुट्टी करने के आदेश दिए गए थे। अब उन्हें बढ़ाया गया है। 14 जनवरी तक छुट्टियां करने के आदेश प्रदेश के शिक्षा मंत्री की ओर से दिए गए हैं।
नौंवी से बारहवीं के विद्यार्थियों की कक्षा लगाने के दिए निर्देश
सरकार की ओर से सोमवार को निर्देश जारी किए गए हैं प्राइवेट स्कूल संचालक नौंवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों की कक्षाएं लगाई जा सकती हैं। नर्सरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों की छुट्टी करने के आदेश दिए गए हैं।
----------------------------
खंड शिक्षा अधिकारी से सीधी बात
सवाल : सरकार द्वारा छुट्टियां बढ़ाने के बावजूद स्कूल क्यों नहीं बंद कराए जा रहे।
जवाब : सरकार की ओर से नौंवीं से बारहवीं कक्षा तक के स्कूल खोलने के आदेश जारी किए गए हैं। जबकि 8वीं तक छुट्टियां रहेंगी। यदि नन्हें बच्चे स्कूल बुलाए गए तो स्कूल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
सवाल : जो स्कूल संचालक आदेशों को नहीं मान रहे, उनके विरुद्ध क्या कार्रवाई होगी?
जवाब : ऐसे स्कूल संचालकों को नोटिस जारी किए जाएंगे। फिर भी नहीं माने तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सवाल : किसी स्कूल में कोई बच्चा बीमार होता है तो किसकी होगी जिम्मेदारी?
जवाब : स्कूल संचालक की होगी पूरी जिम्मेदारी। शिकायत मिलते ही होगी कार्रवाई।