अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
डीसी सोनल गोयल ने रात्रि ठहराव के लिए जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए रात्रि विश्राम स्थलों का औचक निरीक्षण किया। जहां पर उन्होंने प्रबंधों का जायजा लिया। उपायुक्त ने बस स्टैंड परिसर में बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के रात्रि ठहराव के लिए बनाए गए रात्रि विश्राम स्थल पर पहुंचकर वहां रुके हुए लोगों से प्रबंधों एवं प्रदत्त की जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उपायुक्त सोनल गोयल ने कहा कि रात्रि विश्राम स्थल पर रुकने वाले जरूरतमंद मुसाफिरों के लिए चाय उपलब्ध कराने का कार्य भी जिला रेडक्रास सोसायटी की ओर से किया जाए। उपायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस बात को भी सुनिश्चित किया जाए कि सर्दी के इस मौसम में रात गुजारने वाले जरूरतमंदों को रात्रि विश्राम गृह तक सहज पहुंच हो।
रेडक्रॉस में बने विश्राम स्थल का भी लिया जायजा
शहर के बीच में जिला रेडक्रास सोसायटी कार्यालय परिसर में बनाए गए रात्रि विश्राम स्थल का भी जायजा लिया तथा विश्राम स्थल पर रुके मुसाफिरों से दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए अलग से सोसायटी कार्यालय परिसर में ही रात्रि विश्राम स्थल की व्यवस्था की गई है। उन्होंने जिला रेडक्रास सोसायटी सचिव को कहा कि शहर में कोई भी व्यक्ति रात के समय अपने गंतव्य स्थल पर पहुंच न पा रहा तो वो उसे ठहराव के लिए रात्रि विश्राम स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था करें। इस मौके पर एसडीएम रोहित यादव, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी नीरज कुमार, रेडक्रास सचिव महेशन गुप्ता, नगरपालिका सचिव नरेंद्र सैनी सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।