अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
पिछले बारह वर्ष से नए राशन कार्ड की बाट जोह रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है कि उन्हें अब जल्द नया राशन कार्ड दिया जाएगा। जिन लोगों के राशन कार्ड फट गए थे और उन्हें अधिकारी टरका देते थे, ऐसे लोगों की समस्या का समाधान अक्तूबर माह में हो जाएगा। खाद्य आपूर्ति विभाग के द्वारा राशन कार्ड डिजाइन कर जिला मुख्यालयों पर भेजने शुरू कर दिए गए हैं लेकिन झज्जर में अभी तक राशन कार्ड नहीं पहुंचे हैं। उम्मीद की जा रही है कि इसी माह के अंत तक राशन कार्ड जिला मुख्यालय पहुंच जाएंगे। इसके बाद इन्हें आधार से लिंक कर ऑनलाइन करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। राशन कार्ड में इस बार परिवार की पहचान के लिए फोटो की बजाए आधार कार्ड के नंबर दर्ज किए जाएंगे। जिससे कि सभी मामलों में पूर्णतया पारदर्शिता लाई जा सके।
इन कलर के होंगे राशन कार्ड
विभाग की ओर से राशन कार्ड को चार कलर में रखा गया है। जिसमें हर कैटेगरी के लिए अलग रंग तय किया गया है।
रंग योजना रेट
1. गुलाबी -अंत्योदय अन्न परिवार योजना 5 रुपये
2. पीला- प्राथमिक परिवार यानि बीपीएल 10 रुपये
3. खाकी-अन्य प्राथमिक परिवार 15 रुपये
4. नीला- एपीएल 20 रुपये
जिले में राशन कार्ड की वर्तमान स्थिति
श्रेणी कार्ड संख्या यूनिट
एपीएल 121473 521739
सीबीपीएल 15272 72280
एसबीपीएल 5728 27608
ओपीएच 59866 264098
एएवाई 8698 38424
कुल 211037 924151
नए राशन कार्ड में ये हैं बदलाव
1. इस बार राशन कार्ड के कवर पर उनकी केटेगरी बड़े अक्षरों में प्रिंट है। साथ में हेल्पलाइन नंबर 18001802087 व 1967 को अंकित किया गया है।
2. विभाग का पूरा नाम और राशन कार्ड के रेट भी अंकित किए गए हैं। राशन कार्ड के बैक साइड में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का लॉगो लगाया गया है। वहीं राशन कार्ड में इस बार परिवार का फोटो नहीं लगाया जा रहा।
3. राशन कार्ड में परिवार सदस्यों के नाम के साथ-साथ आधार नंबर भी प्रिंट किए गए हैं। वहीं जिन लोगों ने आधार नंबर नहीं दे रखे, उनके लिए खाली जगह छोड़ी गई है।
ये मिलती हैं सुविधाएं
- खाद्य आपूर्ति विभाग के द्वारा एएवाई कार्ड धारक को प्रतिमाह 35 किलोग्राम अनाज दो रुपये प्रति किलो के हिसाब से दिया जाता है।
- ओपीएच केटेगरी के राशन कार्ड धारक को प्रतिमाह 5 किलोग्राम प्रतिव्यक्ति राशन प्रतिमाह दिया जाता है।
- एएवाई और बीपीएल राशन कार्ड धारक को विभाग की तरफ से प्रति राशन कार्ड 2.5 किलोग्राम दालें प्रतिमाह के हिसाब से दी जाती हैं। लेकिन ये दाले तीन माह में एक बार वितरीत की जाती हैं।
- सामान्य राशन कार्ड धारक को अब किसी भी प्रकार की आर्थिक मदद नहीं मिलती।
त्रुटि भी होंगी इस बार ठीक : शर्मा
विभाग के द्वारा जारी किए जाने वाले राशन कार्ड में पुराने हिसाब से जो त्रुटियां मिलेंगी, राशन कार्ड धारक के अनुरोध पर ठीक किया जाएगा। राशन कार्ड अभी उनके पास पहुंचे नहीं हैं। उन्हें उम्मीद है कि नए राशन कार्ड झज्जर में माह के अंत तक पहुंच जाएंगें। राशन वितरण पूरी तरह से बायोमीट्रिक सिस्टम से जुड़ चुका है।
- अशोक शर्मा, डीएफएससी, झज्जर।
- नए लुक के साथ चार कलर में होंगे नए राशन कार्ड