अच्छे रोजगार के लिए गुणवत्तायुक्त शिक्षा जरूरी : उमेद श्योराण
- चांदवास में आईसीएम कोचिंग एवं रोजगार परामर्श केंद्र का किया उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा। बेरोजगारों को पहले पैसे या सिफारिश के बलबूते सरकारी विभागों में रोजगार मिलता रहा है लेकिन मौजूदा सरकार के कार्यकाल में योग्य उम्मीदवार का ही चयन किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को केवल डिग्री पाकर उस पर आश्रित रहने की बजाए अच्छे रोजगार के लिए गुणवत्तायुक्त शिक्षा भी लेनी चाहिए। यह बात पूर्व उपमंडल शिक्षा अधिकारी उमेद श्योराण चांदवास ने आईसीएम कोचिंग एवं रोजगार परामर्श केंद्र का उद्घाटन करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि सफलता न तो कभी खरीदी जा सकती है और न ही इसका शॉर्ट कट है। सफलता पाने के लिए हमें आराम करने की बजाए दिनरात जागकर मेहनत करनी पड़ेगी। मौजूदा समय प्रतिस्पर्धा का है और हमें कठिन परिश्रम के सहारे ही सफलता पाने का सपना पालना चाहिए। संस्था निदेशक आनंद शास्त्री ने बताया कि आईसीएस केंद्र पर उच्च कोटि के शिक्षकों के अलावा दिल्ली, कोटा, सीकर जैसे बड़े शिक्षण संस्थानों से ऑन लाइन शिक्षण सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। इस अवसर पर हवन आयोजित कर विश्व मंगलकामना की गई। इस दौरान मार्केट कमेटी चरखी दादरी अध्यक्ष चंद्रपाल सांगवान, जिला रोजगार अधिकारी नृपेंद्र सिंह, जगत सिंह बाढड़ा, कन्या गुरुकुल अध्यक्ष ओमप्रकाश पंचगावां, इनेलो जिलाध्यक्ष विजय पंचगावां, व्यापार मंडल अध्यक्ष रामकिशन फौजी, रामअवतार बाढड़ा, संदीप धनखड़ आदि मौजूद थे।
फोटो -34
कस्बे में रोजगार परामर्श केंद्र में आयोजित हवन में आहुति डालते हुए।