झज्जर। सिलाना में बनने वाले जिला स्तरीय खेल स्टेडियम के लिए प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद अब जल्द ही इसका निर्माण कार्य करवाया जाएगा। करीब तीन वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अब जिला स्तरीय खेल स्टेडियम का निर्माण शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। करीब आठ माह बाद लोक निर्माण विभाग का सरकार की तरफ से सिलाना गांव में बनने वाले स्टेडियम के लिए प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है। विभाग की तरफ से अब टेक्निकल मंजूरी मांगी जाएगी। विभाग के अधिकारियों के अनुसार अगले करीब 15 दिनों में विभाग की तरफ से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यहां के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विश्व स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। लेकिन ये खिलाड़ी झज्जर की धरती पर नहीं बल्कि अन्य जिलों या देश के विभिन्न हिस्सों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। क्योंकि झज्जर में खेल सुविधाओं के नाम पर कुछ खास नहीं है।
ग्राम पंचायत ने दी थी 20 एकड़ भूमि
जिला स्तरीय खेल स्टेडियम के निर्माण के लिए ग्राम पंचायत सिलाना की तरफ से करीब 20 एकड़ जमीन भी फ्री में दी जा चुकी है और खेल विभाग की तरफ से भी करीब डेढ़ साल पहले एक करोड़ रुपये लोक निर्माण विभाग के खाते में डाल दिए गए थे। लेकिन अभी तक यह योजना केवल फाइलों में ही चल रही है। लोक निर्माण विभाग अभी तक स्टेडियम के निर्माण के लिए राशि कम बता रहा था। लोक निर्माण विभाग की तरफ से 23 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर प्रशासनिक मंजूरी मांगी गई थी। विभाग से एस्टीमेट चंडीगढ़ मुख्यालय को 13 नवंबर को भेज दिया था। जिला स्तरीय खेल स्टेडियम तैयार होने के बाद खिलाड़ियों को अनेक प्रकार की सुविधाएं मुहैया हो पाएगी।
ये खेल सुविधाएं होंगी मुहैया
सिलाना गांव में बनने वाले इस स्टेडियम में बहुउद्देशीय हॉल, कबड्डी, बास्केटबाल, वालीबाल, हैंडबाल, फुटबाल, हॉकी मैदान, स्वीमिंग पुल, स्टेज, रनिंग ट्रैक, फर्स्ट एड रूम, चेंजिंग रूम आदि सुविधाएं इस स्टेडियम में मुहैया कराई जाएंगी। जबकि झज्जर जिला मुख्यालय पर मात्र जहांआरा बांग खेल स्टेडियम ही है, जहां केवल बॉक्सिंग हाल की सुविधा है। वहीं क्रिकेट के लिए नेहरू कॉलेज का खेल स्टेडियम है। इसके अलावा कोई भी खेल स्टेडियम जिला मुख्यालय पर नहीं है।
जिला स्तरीय खेल स्टेडियम के लिए प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है। स्टेडियम के निर्माण के लिए करीब 23 करोड़ रुपये के एस्टीमेट भेजे गए थे। अब विभाग से टेंडर प्रक्रिया शुरू करने से पहले टेक्निकल मंजूरी मांगी जाएगी। यह प्रक्रिया 15 दिन में पूरी कर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
नरेंद्र सिंगरोहा, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, झज्जर।