बहादुरगढ़। वेस्ट जुआं ड्रेन के निर्माण कार्य में बाधा बन रहे 36 अवैध निर्माणों को नगर परिषद ने जेसीबी मशीन से हटवा दिया। इससे पहले कब्जा करने वालों को नप ने नोटिस देकर चेताया था। लेकिन कब्जा न हटाने पर नप ने अपनी कार्रवाई की। इस दौरान कब्जाधारियों ने विरोध भी किया। लेकिन पुलिस बल के चलते उनकी एक न चली। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी डॉ. विजयपाल यादव ने बताया कि सिटी मजिस्ट्रेट के साथ शहर के तीन थानों की पुलिस, नप के अधिकारी दोपहर जेसीबी मशीन लेकर पहले सांखोल गांव पहुंचे। जेसीबी मशीन देखकर कब्जाधारी घबरा गए। मशीन ने अवैध कब्जा हटाने की प्रक्रिया शुरू की तो लोगों ने विरोध किया। जब पुलिस ने सख्ती से कब्जाधारियों को हटने के लिए कहा तो वह पीछे हट गए। कार्रवाई के दौरान कोई हादसा न हो इसके लिए कार्यकारी अधिकारी ने सभी घरों की बिजली हटवा दी थी। इस दौरान सांखोल गांव, देवनगर, विवेकानंद नगर में नप ने अपनी कार्रवाई की। विजयपाल का कहना है कि कब्जे हटने से ड्रेन के काम में तेजी आएगी।
कई घरों में लगे मिले सबमर्सिबल पंप
नगर परिषद की कार्रवाई के दौरान जब कब्जा ढहाए जा रहे थे तो कई घरों के अंदर सबमर्सिबल पंप लगा मिला। इसके बाद भी अधिकारियों ने उसे हटाने की जहमत नहीं समझी। बता दें कि नगर परिषद ने शहर में किसी को भी सबमर्सिबल पंप लगाने की अनुमति नहीं दी है।
वेस्ट जुआं ड्रेन के आसपास 36 अवैध कब्जों को ढहाया गया है। इससे ड्रेन के काम में तेजी आएगी। नगर परिषद ने करीब एक सप्ताह पहले कब्जा हटाने के लिए नोटिस दिया था। इसके बाद जब कब्जा नहीं हटाया तो कब्जों को हटाया गया है।
डॉ. विजयपाल यादव, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद।