चरखी दादरी/बौंदकलां। सोमवार को हुई बारिश से जिले की बिजली आपूर्ति चरमराई रही। बौंदकलां क्षेत्र के 18 गांवों और शहर की करीब 20 कॉलोनियों में रातभर ब्लैक की स्थिति रही। मंगलवार दोपहर तक जिले की बिजली व्यवस्था पटरी पर लौट सकी। बौंदकलां क्षेत्र में 16 घंटे और शहर की कॉलोनियों में करीब 13 घंटे बाद बिजली सप्लाई बहाल हो पाई। निगम की फॉल्ट रिमूविंग टीमें रात को भी फॉल्ट खोजने में जुटी रहीं लेकिन कामयाबी हाथ नहीं लग पाई और मंगलवार सुबह और दोपहर को ही सप्लाई बहाल हो पाई।
सोमवार शाम को आई तेज बारिश के चलते 33 केवीए सब डिविजन सांजरवास की 33 हजार वोल्टेज की मुख्य लाइन ब्रेक डाउन हो गई। इसके चलते क्षेत्र के सभी 18 गांवों में पूरी रात बिजली गुल रही। इन गांवों में मंगलवार सुबह 10 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। ग्रामीणों को पूरी रात उमस व गर्मी के बीच ही गुजारनी पड़ी। शाम छह बजे अचानक से लाइन ब्रेक डाउन हुई और इसकी सूचना साढ़े छह बजे तक अधिकारियों को मिल गई। इसके तुरंत बाद ही बिजली निगम के कर्मचारियों ने लाइन की पेट्रोलिंग आरंभ कर दी थी। जिला पार्षद महेंद्र सोनी और पूर्व सरपंच प्रतिनिधि गोबिंद सिंह ने कहा कि बिजली निगम के अधिकारी ग्रामीणों का फोन उठाना भी जरूरी नहीं समझते हैं। बिजली सब स्टेशन में भी कॉल रिसीव नहीं की गई। रात को पहले 11 बजे बिजली आने का आश्वासन दिया गया और इसके बाद एक बजे तक बिजली बहाल होने का तर्क ग्रामीणों को अधिकारियों की तरफ से मिला। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार रातभर बिजली नहीं आई। इस बारे में सांजरवास बिजली सब स्टेशन जेई जतिन ने बताया कि सोमवार को चरखी दादरी मेें तेज बारिश के चलते 33 हजार वोल्टेज की मुख्य लाइन ब्रेक डाउन हो गई थी। घिकाड़ा के खेतों में पानी जमा होने के कारण रातभर कर्मचारी काम में लग हुए थे। लेकिन फॉल्ट को ठीक नहीं किया जा सका। बारिश के चलते मुख्य लाइन की तीन डिस्क पंक्चर, इंसुलेटर व एक जगह से जंपर उड़ गया था। पूरी लाइन से फॉल्ट रिमूव करके मंगलवार सुबह सवा दस बजे लाइन को दुरुस्त करके गांवों में बिजली आपूर्ति को बहाल कर दिया गया है।
इन गांवों में रहा ब्लैक आउट
33 हजार वोल्टेज की लाइन ब्रेक डाउन के चलते गांव बौंदकलां, बौंदखुर्द, रणकोली, निमड़ी, मालकोष, ऊण, सांजवास, फौगाट, सांवड़, लांबा, कोहलावास, मिसरी, अचीना, बास, भागेश्वरी, झींझर व रानीला में पूरी रात बिजली गुल रही। पूरी रात बिजली नहीं आने के चलते लोगों के घरों में रखे इन्वर्टर भी जवाब दे गए। इसके साथ ही सुबह के समय पेयजल की आपूर्ति पर भी असर पड़ा।
दादरी शहर में आए 18 फॉल्ट, एक पोल टूटा
बौंदकलां क्षेत्र के अलावा दादरी शहर में भी बारिश के दौरान कई फॉल्ट आए। बस स्टैंड और घिकाड़ा फीडर पर छह फॉल्ट आए और इसके चलते करीब आठ कॉलोनियों में ब्लैक आउट रहा। महेंद्रगढ़ चौक, पुरानी अनाज मंडी, प्रेम नगर और गांधी नगर में 14 बिजली फॉल्ट आए और इनके चलते कई कॉलोनियों की बिजली सप्लाई बाधित रही। वहीं, घसोला 33 केवी सब स्टेशन की लाइन का एक पोल टूटने के चलते हीरा चौक, सरदार झाडू़ सिंह चौक, गामड़ी व कॉलेज रोड की बिजली सप्लाई करीब 13 घंटे तक प्रभावित रही।
दादरी शहर में सोमवार शाम करीब 18 फॉल्ट आए और देर रात ही हमारी टीमों ने पेट्रोलिंग शुरू कर दी थी। कुछ जगहों पर रात को ही फॉल्ट ठीक कर दिए गए और जो बचे थे उन्हें मंगलवार सुबह हमने दुरुस्त कर दिया। - विनय, जेई, बिजली निगम