बौंदकलां। सांजरवास जलघर को लोहारू कैनाल से जोड़ने की मांग को लेकर सांजरवास और फौगाट गांवों के ग्रामीणों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। सोमवार को एक्सईएन प्रवीन बंसल धरनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने किसानों को तीन माह के अंदर मांग पूरी करने का आश्वासन देते हुए धरना समाप्त करने की अपील की। ग्रामीणों ने एक्सईएन की अपील को ठुकराते हुए परियोजना पर काम शुरू होने के बाद ही धरना खत्म करने का तर्क दिया।
गांव सांजरवास और फौगाट गांव को एक ही जलघर से पानी की आपूर्ति की जाती है। सांजरवास माइनर से पूरा पानी नहीं आने के कारण दोनों गांवों के लोगों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। गांव सांजरवास व फौगाट के ग्रामीणों ने गत 22 मार्च 2018 को सांजरवास जलघर को लोहारू कैनाल से पानी दिए जाने की मांग को लेकर नारनौल-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर जाम लगाया था। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के तत्कालीन एक्सईएन विशाल बंसल ने जल्द ही परियोजना बनाकर लोहारू कैनाल से जोड़ने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया था। जाम लगाने पर पांच नामजदों समेत अन्य ग्रामीणों पर केस दर्ज किया था। पिछले शनिवार को ग्रामीणों ने जलघर पर धरना शुरू कर दिया था। सोमवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एक्सईएन प्रवीन बंसल दोपहर को धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि दोबारा टेंडर जारी करके तीन माह के अंदर जलघर तक पानी पहुंचाने का आश्वासन दिया लेकिन ग्रामीण संतुष्ट नजर नहीं आए। सोमवार को पूर्व सरपंच जगदीश सिंह, संजीत नागिल, राजा नंरबदार, धर्मसिंह नंबरदार, शिव नरेश नंबरदार, नवीन, प्रश्रजीत सिंह, शिवचरण पीटीआई, बेदू ठेकेदार, जगलाल नंबरदार, दयाराम यादव, हरबंस सिंह, चंद्रपाल, रामप्रसाद शर्मा, राजबीर नागिल, जोगेंद्र नागलि, उदय चौहान, जितेंद्र पंच, धर्मपाल लाकड़ा, फूलवारी, कमल जांगड़ा, अलीशेर, हरपाल सिंह व प्रश्रजीत सिंह आदि धरनास्थल पर उपस्थित रहे।