झज्जर। बिजली निगम ने शनिवार को पांच पावर हाउसों की हाई वोल्टेज लाइनों की मरम्मत को लेक पांच घंटे तक पावर कट लगाया। जिससे इन पावर हाउसों के अंतर्गत आने वाले 52 से अधिक गांवों की बिजली आपूूर्ति बंद रही। जिससे लोगों के बिजली से होने वाले काम काज प्रभावित रहे। इसके अलावा गांवों में ग्रामीण गरमी के कारण परेशान रहे।
जानकारी के अनुसार बिजली निगम की तरफ से कुजियां, बुपनियां, मलिकपुर, दुबलधन व सेहलंगा पावर हाउसों की बिजली आपूर्ति को सुबह साढे़ सात बजे से बंद कर दिया गया था। इसके बाद लाइनों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया था। इसके लिए बिजली निगम की तरफ से पावर कट लगाने से पहले ही सभी कर्मचारियों और लाइनों मरम्मत के लिए सारा सामान भी साइटों पर भेज दिया गया था और उनके साइट पर पहुंचने के बाद पावर कट लगाया गया। ताकि तुरंत प्रभाव से काम शुरू किया जा सके। इस दौरान बिजली निगम की तरफ से जिले के 29 पावर हाउसों की 33 केवी लाइनों में से सबसे कमजोर पांच लाइनों को चुना गया था। ताकि पावर कटों की समस्या को कम कर लोगों को बेहतर बिजली आपूर्ति मुहैया करवाई जा सके।
लाइनों पर कार्य में जुटे रहे 100 कर्मचारी
उत्तर हरियाणा बिजली निगम की तरफ से पांचों लाइनों की मरम्मत के लिए करीब 100 कर्मचारी लगाए गए थे। ताकि निर्धारित समय के अनुसार काम पूरा किया जा सके। निगम की तरफ से 44.8 किलोमीटर की लाइनों की मर मत की गई है। इन लाइनों को छूने वाले पेड़ों की टहनियां काटी गई। छह इंश्यूलेटर बदले गए, एक डिस्क, 48 जंपर बदले गए, आठ पोल व 5 एचपोल सीधे किये गए हैं।
-इन गांवों की बिजली रही बंद
बिजली निगम की तरफ से लाइनों की मरम्मत के कार्य के दौरान कुजियां, डावला, रईया, ढाकला, सुबाना, हसनपुर, भिंडावास, झामरी, ढलानवास, खाचरौली, सेहलंगा, मलिकपुर, अच्छेज, पहाड़ीपुर, दुबलधन गांव के तीनों पाने, माजरा डी, सिवाना, ढराना, बुपनिया सहित करीब 52 गांवों की बिजली आपूर्ति बंद रही। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वर्जन
पांच पावर हाउसों की 33 केवी लाइनों की मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया है। पावर कट के दौरान लोगों ने संयम व धैर्य रखकर निगम को सरहानीय योगदान दिया है। बिजली की बेहतर आपूर्ति के लिए लाइनों मरम्मत की गई है।
- संदीप जैन, एसई, बिजली निगम, झज्जर।