झज्जर। पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय झज्जर स्थित जहांआरा बाग स्टेडियम में विधानसभा स्तरीय समारोह का आयोजन हुआ। इसमें टारगेट पूरा करने के लिए चार हजार सरकारी कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। सभी कर्मचारी स्टेडियम में टारगेट अनुसार पहुंच जाएं, इसलिए तय किया गया था कि हाजिरी स्टेडियम में योग शिविर के बाद ली जाएगी। इसके चलते स्टेडियम में संख्या पूरी रही तथा कर्मचारियों की रजिस्टर में हाजिरी दर्ज करते हुए अधिकारी नजर आए। वहीं हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता चौहान ने मुख्य अतिथि के तौर पर दीप प्रज्ज्वलित करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। एसएसपी अशोक कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त सुशील सारवान, बीजेपी के जिला अध्यक्ष बिजेंद्र दलाल सहित अनेक अतिथि शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में भागीदार बने। जिला मुख्यालय पर हजारों की संख्या में उपस्थित प्रतिभागियों ने एक साथ योगाभ्यास कर कार्यक्रम को भव्य बना दिया। इस अवसर पर भाजपा नेता विक्रम कादियान, मार्केट कमेटी के चेयरमैन मनीष शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र शर्मा, पितांबर शर्मा, बिल्लू कादियान, सुनीता धनखड़, सीमा दहिया, पवन नंबरदार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वहीं प्रशासन की ओर से तहसीलदार सुदेश मेहरा, नायब तहसीलदार रमेश कुमार, बीईओ वीरेंद्र नारा, नपा सचिव संजय रोहिल्ला, नोडल अधिकारी एवं एचएमओ डॉ. प्रदीप डाबोदिया, आयुष विभाग से डॉ. संदीप वत्स, प्रिंस फार्मासिस्ट, आईसीए सूरजभान सिंह आदि अधिकारीगण उपस्थित रहे।
टी-शर्ट और रिफ्रेशमेंट के लिए हुई धक्का-मुक्की
बेरी खेल स्टेडियम में योग दिवस कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्थाओं से लोग परेशान रहे। योग करने आए लोगों को पहले तो पहले टी-शर्ट के लिए धक्का मुक्की हुई और बाद खाने में दी जाने वाले रिफ्रेशमेंट के लिए धक्का मुक्की दिखाई दी। सभी को टी शर्ट नहीं मिलने के कारण काफी लोगों को बिना टी शर्ट के ही योग करना पड़ा।
बच्चों ने किया शानदार प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान राजकीय उच्च विद्यालय गोच्छी व पतंजलि योग पीठ के बच्चों ने योग के विभिन्न आसनों का प्रदर्शन किया। पतंजलि योगपीठ के आचार्य नवीन के मार्गदर्शन में विशिष्टजनों के साथ-साथ हजारों प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया। स्थानीय प्रशासन की ओर से मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने प्रतिभागी बच्चों को भी सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने मां भीमेश्वरी देवी मंदिर में माथा टेककर पूजा अर्चना भी की।