बादली। बादली गांव को एक ही दिन में ब्लॉक, तहसील और उपमंडल का दर्जा दे दिया, बादली को शहरी तर्ज पर सीवरेज लाइन की सुविधा देने के लिए मंजूरी दे दी गई है। एसटीपी का स्थान तय हो गया है अब जिस दिन आपकी हां होगी, उसी दिन से सीवरेज लाइन डालने का काम शुरू कर देंगे। केएमपी एक्सप्रेस वे पर वाहन दौड़ रहे हैं। बाढ़सा में राष्ट्रीय कैंसर संस्थान चालू हो गया है। बादली कलस्टर के तहत 19 गांवों को श्यामा प्रसाद रू-अर्बन योजना में शामिल करते हुए शहरी तर्ज पर मूलभूत सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है।
बादली के विधायक एवं कृषि मंत्री धनखड़ ने संत शिरोमणि कबीर दास के 621वें प्रकटोत्सव पर विभिन्न गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत करते हुए कहा कि हलके के सभी गांवों में प्रमुखता से विकास कार्य हुए हैं। देश की उन्नति के लिए आपने मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाया, इसके लिए मैं आपका आभारी हूं। अब अक्टूबर में मेरा भी पेपर होना है और आप ही मेरा पेपर लेंगे। आप अक्टूबर वाले पेपर में मुझे पास करके चंडीगढ़ भेज देना, बादली में रेल और बाढ़सा में मेट्रो की सीटी बजवा दूंगा। बादली से विधायक एवं प्रदेश सरकार में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओपी धनखड़ ने बादली के कई गांवों में लोगों को संबोधित करते हुए उक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा कि केएमपी एक्सप्रेस वे साथ-साथ फास्ट ट्रैक रेलवे लाइन की मंजूरी सरकार ने दी है। कृषि मंत्री ने कहा कि बादली के लोगों की इच्छा हुई तो बादली गांव को अगले सत्र में नगरपालिका का दर्जा भी दिलवा दूंगा, ताकि बादली के विकास के लिए ज्यादा धन राशि सरकारी खजाने से मिल सके। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री धनखड़ ने बादली विधानसभा क्षेत्र के गांव ईस्माइलपुर, बादली, फतेहपुरी, कलोई, खेड़का गुर्जर और जैतपुर आदि गांवों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। कृषि मंत्री ने बादली गांव स्थित बाबा मोहन दास मंदिर में आयोजित वार्षिक भंडारे में शिरकत की और प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में कृषि विवि प्रबंधन बोर्ड सदस्य आनंद सागर, अमित छनपाड़िया, रणबीर गुलिया सहित अन्य गणमान्य व जिला प्रशासन की ओर से नगराधीश अश्वनी कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी हरिसिंह श्योराण, डीएसपी अशोक कुमार ,कार्यकारी अभियंता अजेयंद्र सुहाग सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।