बहादुरगढ़। अब अल्ट्रासाउंड के लिए लोगों को निजी अस्पतालों एवं लैब में जाने की जरूरत नहीं है। लंबे समय के बाद बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में फिर से अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू हो गई है। दरअसल, जनवरी में अस्पताल में कार्यरत सोनोलॉजिस्ट का प्रमोशन हो गया था। उनके जाने के बाद अल्ट्रासाउंड सेंटर पर ताला लटक गया था। हालांकि बीच में दो-तीन दिन के लिए यह सेंटर खुला लेकिन फिर से बंद हो गया। अब सोनोलॉजिस्ट के पद पर डॉ. एकता ने ज्वाइन कर लिया है। बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में रोजाना लगभग 1500 ओपीडी होती हैं। इनमें से 30 से 40 केस अल्ट्रासाउंड के होते थे लेकिन सेंटर बंद होने कारण सेवाएं बंद हो गई थी। यहां आने वाले मरीजों का प्रबंधन से एक ही सवाल होता था कि साहब अल्ट्रासाउंड कब शुरू होंगे। प्रबंधन के पास भी एक ही जवाब होता था स्पेशलिस्ट छुट्टी पर हैं। उनके ड्यूटी ज्वाइन करते ही शुरू करवा दिया जाएगा। इस वजह से मजबूरीवश लोगों को बाहर से अल्ट्रासाउंड कराने पड़ते थे।
गर्भवती महिलाओं को राहत
दोबारा अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू होने से सबसे ज्यादा फायदा गर्भवती महिलाओं को हुआ। इससे पहले महिलाओं को निजी अस्पतालों से अल्ट्रासाउंड करवाने पड़ रहे थे। हालांकि इसकी व्यवस्था अस्पताल प्रबंधन की ओर से की गई थी लेकिन अस्पताल आने जाने व फिर रिपोर्ट दिखाने में उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। अब फिर से अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू होने से अब उन्हें बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
नागरिक अस्पताल में पुन: अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा शुरू हो गई है। अब जांच के लिए मरीजों को परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। प्रबंधन का यही प्रयास है कि लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
डॉ. देवेंद्र मेघा, डीएमएस।