झज्जर। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार की सुबह आठ बजे आर्य नगर में कोसली मोड़ पुरानी तहसील परिसर के सामने स्थित मैदान में कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करेंगे। समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं, पन्ना प्रमुख, बूथ प्रमुख, शक्ति केंद्र पालक आदि को लोकसभा चुनाव में पार्टी की विजय पर सम्मानित करेंगे। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल पर पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया। उपायुक्त संजय जून तथा एसएसपी अशोक कुमार भी इस दौरान साथ रहे। मंत्री धनखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल राज्य के सभी जिलों में जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा की विजय के उपरांत पहली बार मुख्यमंत्री झज्जर जिले में पहुंच रहे हैं और मुख्यमंत्री द्वारा कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करना एक अविस्मरणीय पल होगा। यह समारोह जिला में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साहवर्धन का कार्य करेगा।
व्यवस्था बनाने के दिए निर्देश
कृषि मंत्री ने कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह स्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने समारोह स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था, कार्यक्रम में बैठने के इंतजाम, पीने के पानी, स्वच्छता सहित विभिन्न इंतजामों को लेकर भी जानकारी ली। कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह में रोहतक के नवनिर्वाचित सांसद डॉ. अरविंद शर्मा व बहादुरगढ़ से विधायक नरेश कौशिक सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता भी भागीदारी करेंगे। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष बिजेंद्र दलाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष योगेश सिलानी के अतिरिक्त झज्जर की एसडीएम शिखा सहित अन्य विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।