फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फायर विभाग की एनओसी के बिना बने व्यावसायिक भवन, नोटिस की सूची तैयार

विज्ञापन
विज्ञापन
बहादुरगढ़। गुजरात के सूरत में हुए हादसे के बाद दमकल विभाग ने मंगलवार को व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सर्वे किया। सर्वे के दौरान कोचिंग सेंटरों के अलावा अस्पताल भी बगैर एनओसी के चलते दिखे। अब दमकल विभाग की ओर से इन प्रतिष्ठानों को नोटिस देने की सूची तैयार की जाएगी। यदि कहीं भी कोई लापरवाही मिलती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सर्वे के दौरान फायर विभाग ने उक्त प्रतिष्ठान संचालकों को चेतावनी भी दी। पांच दिन पहले गुजरात के सूरत शहर में एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। बहादुरगढ़ में भी इसी तरह कई स्थानों पर ऊंची बिल्डिंगों में कोचिंग सेंटर चल रहे हैं। मंगलवार को फायर विभाग की ओर से शहर में कॉमर्शियल बिल्डिंगों में चल रहे कोचिंग सेंटरों का सर्वे किया गया। सर्वे में एक भी जगह कर्मचारियों को फायर एनओसी नहीं मिली और न ही आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नजर आए। इसके बाद विभाग की ओर से उनकी एक सूची तैयार की गई।
विज्ञापन


कोचिंग सेंटरों पर एक ही निकास द्वार
बहादुरगढ़ में दिल्ली-रोहतक रोड, झज्जर मोड़ के सामने, बस स्टैंड के नजदीक भवनों में चल रहे कोचिंग सेंटर में एक ही निकासी द्वार है। अधिकतर कोचिंग सेंटर पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल पर चल रहे हैं। यदि कोई बड़ा हादसा होता है तो इसमें से बचकर निकलना मुश्किल है। प्रतिदिन इन सेंटरों में हजारों बच्चे पढ़ने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन यदि कोई सूरत शहर जैसा हादसा होता है तो ऐसे में उक्त बच्चों की जान पर बन आएगी। आग लगने के बाद यदि भगदड़ हो जाए तो सीढ़ियों पर हादसा होना तय है।

इन कोचिंग सेंटरों का किया निरीक्षण
फायर विभाग की ओर से मंगलवार को शहर में चल रहे पारस अकादमी, विजय अकादमी, झज्जर रोड के सामने राधा गंगा बिल्डिंग, विनायक अकादमी, ओपी अकादमी प्वाइंट, टीएन अकादमी, नी लाइट अकादमी, केबीसी अकादमी का निरीक्षण किया। विभाग के कर्मचारियों को यहां आग से बचाव के किसी तरह के कोई ठोस इंतजाम नजर नहीं आए। खास बात यह है कि वाणिज्यिक भवन होने के बाद भी भवन मालिक की ओर से फायर विभाग की ओर से एनओसी भी नहीं ली गई है।
विज्ञापन


कोचिंग सेंटर संचालकों में मचा हड़कंप
मंगलवार को दमकल विभाग की ओर से की गई सर्वे के दौरान कोचिंग सेंटर संचालकों में हड़कंप मचा रहा। आनन-फानन में कई अकादमी के संचालक तो फायर कर्मचारियों को दिखाने के लिए पड़ोसियों से फायर सिलिंडर लाकर अपने कार्यालय में लगाने लगे।

भवन को सील करने का भी है प्रावधान
दमकल विभाग के इंचार्ज टीआर पालीवाल ने बताया सर्वे के दौरान जिनके पास एनओसी नहीं मिली है उनकी सूची तैयार कर नोटिस दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि व्यावसायिक भवनों में फायर एनओसी न होने से उस इमारत को सील भी किए जाने का प्रावधान है।

मंगलवार को विभाग की ओर से शहर में चल रहे कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया गया है। जहां भी आग से बचाव के खास इंतजाम नहीं मिले या एनओसी नहीं मिली है उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सर्वे के बाद अब उन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके लिए सूची तैयार कर ली गई है। ऐसे किसी भी कोचिंग सेंटर को चलने नहीं दिया जाएगा, जहां पर आग से बचाव के इंतजाम नहीं हैं।
विज्ञापन

टीआर पालीवाल, इंचार्ज, दमकल विभाग, बहादुरगढ़।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें