झज्जर। हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) द्वारा नायब तहसीलदार ए क्लास की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा जिले में 26 मई को छह शिक्षण संस्थानों में बनाए गए 15 केंद्रों पर आयोजित होगी। एचपीएससी सदस्य पवन कुमार ने शनिवार को जिले में लिखित परीक्षा की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली। लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक के दौरान जिला प्रशासन की ओर से एडीसी सुशील सारवान व जिला में परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं एसडीएम बादली जगनिवास ने ऑब्जर्वर को प्रशासनिक तैयारियों से अवगत कराया। पवन कुमार ने कहा कि सभी अधिकारी परीक्षा केंद्र के प्रत्येक कक्ष में दीवार घड़ी लगवाना सुनिश्चित किया जाए तथा परीक्षा केंद्रों में बिजली, पंखे, पीने का पानी आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इन सेंटर पर होगी परीक्षा
एडीसी सुशील सारवान ने बताया कि उपायुक्त संजय जून के मार्गदर्शन में परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियों को जिला प्रशासन ने अंतिम रूप दे दिया है। नकल रहित परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए है। जिले में परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए गए है जोकि मॉडल स्कूल, लारेंस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, राजकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय (ब्लाक ए व बी), इंडो अमेरिकन स्कूल, एचआर ग्रीन फील्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल (ब्लाक ए व बी), राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (ब्लाक ए व बी), न्यूटन हाई स्कूल, आरईडी स्कूल (ब्लाक ए व बी), महाराजा अग्रसेन महिला महाविद्यालय है। इन केंद्रों पर 4776 परीक्षार्थियों के बैठने के इंतजाम किए गए है।
सुबह 8:30 से 9:50 बजे तक प्रवेश की अनुमति
नोडल अधिकारी एवं एसडीएम बादली जगनिवास ने बताया कि आयोग द्वारा जिले में 26 मई को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक 6 शिक्षण संस्थानों में 15 परीक्षा केंद्रों पर लिखित परीक्षा का आयोजन करवाया जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा 8 पेपर डिस्ट्रीब्यूटर तथा 11 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। आयोग की हिदायतों अनुसार सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों में सुबह साढ़े 8 बजे से 9 बजकर 50 मिनट तक प्रवेश की अनुमति रहेगी तथा इसके बाद परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र में अपने साथ मोबाइल व अन्य तकनीकी उपकरण नहीं ले जा पाएगा। परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र में केवल बाल पेन, एडमिट कार्ड तथा पहचान पत्र ही लेकर प्रवेश कर सकते हैं।
जिले में धारा 144 लागू
जिलाधीश एवं उपायुक्त संजय जून ने हरियाणा लोक सेवा आयोग के माध्यम से 26 मई को होने वाली नायब तहसीलदार ए क्लास की लिखित परीक्षा के सुचारु संचालन व इस दौरान जिला में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 लागू करने के आदेश जारी किए है। जिलाधीश ने दंड प्रक्रिया संहिता, 1973 की धारा 144 में निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किए है कि 26 मई को होने वाली परीक्षा के दौरान जिला में बनाए गए परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में किसी प्रकार का हथियार लाने, परीक्षा केंद्र के समीप फोटो स्टेट की दुकान खोलने व परीक्षा केंद्र में किसी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश की मनाही रहेगी।